सऊदी महिलायें अभिभावक की इजाजत के बगैर जा सकेंगी विदेश

रियाद –  सऊदी अरब ने महिलाओं को अभिभावक की अनुमति के बगैर विदेश यात्रा किए जाने का ऐतिहासिक फैसला किया है। सऊदी अरब सरकार ने गुरुवार को इसका एलान किया। इस फैसले के तहत महिलाएं अब किसी पुरुष “संरक्षक” की अनुमति के भी विदेश यात्रा पर जा सकेंगी। सऊदी प्रशासन महिलाओं पर लगे विभिन्न प्रकार के प्रतिबंधों को लेकर नरम रुख अपना रहा है। गत वर्ष लिए गए फैसले में महिलाओं के ड्राइविंग करने पर लगे प्रतिबंध को हटाया गया था। सऊदी अरब विश्व का एकमात्र देश था जहां महिलाओं के वाहन चलाने पर रोक थी। सऊदी अरब के नये फैसले के अनुसार महिलाएं अब पिता, पति अथवा किसी अन्य अभिभावक की इजाजत के बगैर विदेश यात्रा पर जा सकेंगी। फैसले के अनुसार 21 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को पासपोर्ट हासिल करने और अभिभावक की स्वीकृति के बिना भी देश छोड़ने की इजाजत होगी।  महिलाओं पर विदेश यात्रा प्रतिबंध के कारण सऊदी अरब की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी आलोचना हो रही थी। महिला अधिकार कार्यकर्ता लंबे समय से महिलाओं के अकेले विदेश यात्रा पर प्रतिबंध के खिलाफ मुहिम चलाये हुए थीं। महिलाओं की विदेश यात्रा से प्रतिबंध हटाने संबंधी जानकारी आधिकारिक गजट उम्म अल कुमरा में प्रकाशित एक सरकारी फैसले में दी गयी है।