सरकार बफर स्टॉक से बढ़ाएगी प्याज की आपूर्ति

नई दिल्ली। वर्षा के कारण प्याज की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से जहां उपभोक्ता परेशान हैं, वहीं सरकार भी चिंतित है। सरकार ने कहा कि वह अपने बफर स्टॉक से खुले बाजार में प्याज, दालों और खाद्य तेल की बिक्री करेगी। साथ ही पुलिस को कृत्रिम संकट पैदा करने वाले जमाखोरों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने को कहा है। दिल्ली में प्याज का खुदरा दाम 30 से 40 रुपए प्रति किलोग्राम है। महाराष्ट्र में प्याज का थोक भाव 14.76 रुपए प्रति किलोग्राम था। बारिश की वजह से आपूर्ति प्रभावित होने तथा प्रमुख उत्पादक राज्यों महाराष्ट्र और कर्नाटक में प्याज की फसल को नुकसान पहुंचने से कीमतों में इजाफा हुआ है।