सलूणी सीएचसी का दर्जा बढ़ाने से भाजपा गदगद

By: Aug 11th, 2019 12:25 am

सलूणी – उपमंडल मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा बढ़ाकर 50 बिस्तरों का सिविल अस्पताल करने के प्रदेश सरकार के फैसले से भाजपाई गदागद हो उठे हैं। भाजपाइयों का कहना है कि सीएचसी का दर्जा बढ़ाकर प्रदेश की भाजपा सरकार ने इलाकावासियों की इस चिरलंबित मांग को पूरा कर बड़ी सौगात प्रदान की है। अब उपमंडल के लोगों को घर द्वार के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं हासिल होंगीं।  यहां जारी एक सांझे बयान में भाजपा कार्यकारिणी सदस्य मदन ठाकुर, मुकेश शर्मा, केशव ठाकुर, रमेश कुमार, खेमराज, फारूक व पूनम कुमारी का कहना है कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने डेढ़ वर्षों में ही डलहौजी विस के सलूणी में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि जिला भाजपा अध्यक्ष डीएस ठाकुर ने जनहित की मांगों को सरकार के समक्ष प्रभावी तरीके से उठाकर इसे पूरा करने में अहम रोल अदा किया है। उन्होंने कहा कि सीएचसी को सिविल अस्पताल में स्तरोन्नत करने के साथ ही विभिन्न श्रेणियों के 33 पद भी सृजित कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के इस कार्यकाल में ही सलूणी में अग्निशमन चौकी, आईटीआई के अलावा कई नए स्कूल खोलने के अलावा कई स्कूलों को अपग्रेड किया गया है। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलूणी को स्तरोन्नत करके सिविल अस्पताल का दर्जा देने के लिए प्रदेश मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार व जिला भाजपा अध्यक्ष डीएस ठाकुर का विशेष तौर से आभार जताया है। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App