सेब सीजन रफ्तार पर, टेंशन में बागबान

By: Aug 16th, 2019 12:01 am

शिमला – हिमाचल प्रदेश में सेब सीजन ने रफ्तार पकड़ ली है। राज्य में कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों के बाद अब मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी सेब सीजन ने रफ्तार पकड़ ली है। मार्केट में रोजाना काफी संख्या में सेब बॉक्स पहुंच रहे हैं। भारी संख्या में सेब बॉक्स मार्केट में पहुंचने से फल मंडियों में भी चहल-पहल बढ़ गई है। बागबानी विभाग के अनुसार राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से अभी तक मार्केट में 47 लाख 43 हजार 785 बॉक्स पहुंच चुके हैं। राज्य मे बंपर फसल होने के चलते बागबान धड़ाधड़ फसल मार्केट में उतार रहे हैं। इसका अंदाजा इससे बखूबी लगाया जा सकता है कि पिछले सीजन के दौरान अभी तक मार्केट में 25 लाख सेब बॉक्स ही पहुंच पाए थे। पिछले साल 14 अगस्त तक 25 लाख सेब बॉक्स ही मार्केट में पहुंच पाए थे। विभाग की मानें तो आगामी दिनों के दौरान फल मंडियों में सेब सीजन और रफ्तार पकड़ेगा। राज्य में सेब सीजन के शुरुआत में बागबानों को फसल के अच्छे दाम मिल थे। मार्केट में स्पर सेब के दाम तीन हजार प्रति बॉक्स तक चल रहे हैं। वहीं, सेब का राजा रॉयल दो हजार से 2300 प्रति बॉक्स के हिसाब से बिक था। ऐसे में बागबान सेब के अच्छे दाम मिलने से खुश थे, लेकिन सेब सीजन के रफ्तार पकड़ते ही राज्य में सेब के दामों में एकाएक भारी गिरावट आई है। दामों में गिरावट से फल मंडियों में अराइवल का आंकड़ा भी लुढ़का है। बागबान दामों में फिर से उछाल आने की प्रतिक्षा कर रहे हैं। बागबानों को उम्मीद है कि अगामी दिनों के दौरान मार्केट में बेहतर फसल के उतरने से सेब के दामों में ओर उछाल आएगा। बहरहाल राज्य में कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों के बाद अब मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी सेब सीजन ने रफ्तार पकड़ ली है।

चार करोड़ बॉक्स का अनुमान

बागबानी विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में इस सेब सीज़न के दौेरान चार करोड़ से अधिक सेब बॉक्स का उत्पादन होने का अनुमान लगाया जा रहा है। राज्य में अगर अनुमान के तहत सेब बॉक्स का उत्पादन होता है, तो यह पिछले कई वर्षों के दौरान रिकॉर्ड तोड़ उत्पादन होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App