सोनिया गांधी से मिल आए सुक्खू

By: Aug 12th, 2019 12:01 am

शिमला – प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू दिल्ली में कांगे्रस की अंतरिम राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात कर आए। शनिवार देर रात को सोनिया गांधी का नाम अंतरिम अध्यक्ष के पद पर फाइनल हुआ, जिसके बाद रविवार को नेताओं का उनसे मिलने का सिलसिला शुरू हो गया। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुक्खू ने उनसे मुलाकात की और उन्हें बधाई दी। इस दौरान सुक्खू ने सोनिया गांधी से प्रदेश में कांग्रेस के मसलों को लेकर भी बात की है। बकौल सुक्खू ने सोनिया गांधी को कहा है कि हिमाचल में विधानसभा के लिए दो उपचुनाव होने हैं। इसलिए कांग्रेस पार्टी ऐसे उम्मीदवारों को वहां पर टिकट दे, जो जीत की क्षमता रखते हों। उन्होंने कहा कि ऐसा न हो जैसा लोकसभा चुनाव में किया गया, वैसा उपचुनाव में भी हो। थोड़ी देर की मुलाकात में उन्होंने सोनिया गांधी से प्रदेश में संगठन को लेकर ही चर्चा की और कहा कि कार्यकर्ताओं को मनोबल बढ़ाने के लिए पार्टी को कई जरूरी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने यहां संगठन की नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर चल रही कवायद पर भी बात की।

कुलदीप राठौर भी लौटेंगे

बताया जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर भी दिल्ली में ही हैं, जो सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद ही लौटेंगे। उन्होंने वहां प्रभारी रजनी पाटिल से भी मुलाकात की है, जिनसे यहां चल रही गतिविधियों को लेकर बात हुई है। रजनी पाटिल के कुछ दिनों में शिमला आने का कार्यक्रम भी बताया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App