सोलन में चिट्टे के साथ दो विदेशी नागरिक गिरफ्तार

By: Aug 18th, 2019 12:30 am

आरोपियों से नशे के साथ नकदी भी बरामद

सोलन – नशे के खिलाफ छेड़े गए अभियान में सोलन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चिट्टे  के साथ दो विदेशी नागरिकों को पकड़ा है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सोलन के  बरूरी के समीप कोठों मोड़ में दबिश दी और यहां  से पुलिस ने दो विदेशी नागरिकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनसे लगभग 9.90 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। यही नहीं, पुलिस ने इनसे 98850 नकदी भी पकड़ी है। पुलिस ने नकदी और इनके मोबाइल को जब्त कर लिया है। इसके अतिरिक्त इनसे एक लाइटर नुमा हथियार भी बरामद किया गया है। विदेशी नागरिकों के पकड़ में आने के बाद नशाखोरी में यह बहुत बड़ी सफलता मानी जा रही है। जिस वक्त पुलिस ने उन्हें पकड़ा उस समय यह दोनों सड़क किनारे एक अस्थायी शेड में खड़े थे। अंदाजा लगाया जा रहा है कि वे यहां किसी ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने यह कार्रवाई देर सायं करीब साढ़े सात बजे की है। खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की तहकीकात कर रही थी। गौर रहे कि नशे की सप्लाई के आरोप में सोलन पुलिस इससे पहले पांच नाइजीरियन को गिरफ्तार कर चुकी है। यह पहला मामला है जब पुलिस ने सोलन में ही नाइजीरियन को नशे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। मामले की पुष्टि एएसपी एवं मीडिया प्रभारी डा. शिव कुमार शर्मा ने की है। उन्होंने कहा कि दो विदेशी नागरिकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस इनके नाम-पते की जानकारी हासिल कर रही है और यह भी पता लगा रही है कि वे यहां किसके लिए सप्लाई लेकर आए थे। उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व भी सोलन पुलिस ने चिट्टे के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया था और तीन दर्जन के करीब युवकों को हिरासत में लिया था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App