हफ्ते में सोना 2250 रुपए महंगा

By: Aug 12th, 2019 12:08 am

38420 रुपए प्रति दस ग्राम के रिकार्ड स्तर पर पहुंचे दाम

नई दिल्ली – विदेशों में सोने की कीमतों में लगातार जारी तेजी के बीच आभूषण निर्माताओं ने भी पीली धातु की खरीद बढ़ा दी है जिससे बीते सप्ताह दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 2250 रुपए की ऊंची छलांग लगाकर सप्ताहांत पर 38420 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। विदेशों में सोने की कीमत 3.18 प्रतिशत बढ़ी, तो स्थानीय बाजार में यह 6.22 प्रतिशत बढ़ गई। रुपए की गिरावट का असर भी देखा गया। लंदन एवं न्यूयार्क से जानकारी के अनुसार गत सप्ताह वहां सोना 45.85 डालर चढ़कर 1496.50 डालर प्रति औंस पर पहुंच गया। यह तीन साल की सबसे बड़ी साप्ताहिक तेजी है। सप्ताह दौरान एक दिन यह 1500 डालर प्रति औंस को भी पार कर छह साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। अमरीकी सोना वायदा 55.10 डालर की बढ़त में शुक्रवार को 1501.90 डालर प्रति औंस पर बंद हुआ। बाजार विश्लेषकों का कहना है कि अमरीका और चीन के बीच जारी व्यापार युद्ध की स्थिति और गहराने से सोने में तेजी आयी है। व्यापार युद्ध की चिंता में निवेशकों ने सुरक्षित मानी जाने वाली पीली धातु का रुख किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर 0.64 डालर यानी 3.95 प्रतिशत की साप्ताहिक तेजी के साथ 16.93 डालर प्रति औंस पर रहा। विदेशों में रही तेजी के साथ ही रुपए की नरमी का असर भी स्थानीय बाजार में देखने को मिला। आलोच्य सप्ताह में रुपया 118 पैसे टूटा और सप्ताहांत पर बाजार बंद होते समय एक डालर 70.78 रुपए का रहा।

चांदी के रेट 2050 रुपए बढ़े

चांदी हाजिर 2050 रुपए यानी 4.87 प्रतिशत की बढ़त में 44150 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। चांदी वायदा 1960 रुपए चमककर सप्ताहांत पर शनिवार को 43325 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली तीन हजार रुपए की तेजी में 88 हजार रुपए प्रति सैकड़ा बिका।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App