हरित आवरण को बढ़ाएगी सरकार

By: Aug 8th, 2019 12:21 am

मशोबरा में वन महोत्सव कार्यक्रम के दौरान बोले वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर

शिमला -वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने बुधवार को मशोबरा विकास खंड की बल्देयां पंचायत में देवदार का पौधा रोपित कर वन महोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधारोपण व पर्यावरण सरंक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला और जलवायु परिवर्तन के उभरते खतरे से लोगों को आगाह किया। गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार हरित आवरण में बढ़ोतरी करने के प्रति वचनबद्ध है और इसी उद्देश्य से हर वर्ष काफी संख्या में पौधारोपण किया जाता है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक नागरिक को वनों के संरक्षण व संवर्द्धन में सहयोग देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए तथा उसकी देखभाल करना सुनिश्चित करें ताकि पौधारोपण केवल औपचारिकता बनकर न रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपार वन संपदा के कारण ही हमें स्वच्छ पर्यावरण की सौगात विरासत में मिली है। यही कारण है कि हमारे प्रदेश में न केवल विभिन्न राज्यों के पर्यटक, बल्कि विदेशी पर्यटकों को हिमाचल प्रदेश का प्राकृतिक सौंदर्य, शुद्ध जलवायु, स्वच्छ पर्यावरण अपनी ओर आकर्षित करने में सफल रहा है। उन्होंने इस अवसर पर उमंग संस्था के विशेष बच्चों को भी संबोधित किया और संस्था की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी स्वयंसेवी संस्थाओं तथा समाज के प्रत्येक नागरिक को दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने एवं उनके कौशल विकास पर विशेष बल देकर उन्हंे आत्मनिर्भर बनने में भरपूर सहयोग प्रदान करने की अपील की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App