हिमाचल में बनेंगे छह हेलिपोर्ट

By: Aug 22nd, 2019 12:05 am

सदन में बोले मुख्यमंत्री, हर विधानसभा क्षेत्र में बनेगा हेलिपैड

शिमला – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि हिमाचल में छह हेलिपोर्ट बनेंगे। इसके अलावा प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में हेलिपैड का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सदन को संबोधित करते हुए भाजपा-कांग्रेस दोनों पक्षों के विधायकों से अपने-अपने चुनाव क्षेत्रों में हेलिपैड निर्माण के लिए भूमि चयन प्रक्रिया में सहयोग का आह्वान किया। इसी बीच, मुख्यमंत्री ने सदन में अहम खुलासा किया कि राज्य के छह स्थानों संजौली, रामपुर, झाकड़ी, कांगनीधार, सासे और बद्दी में हेलिपोर्ट का निर्माण होगा। केंद्र सरकार की उड़ान-टू योजना के तहत इन हेलिपोर्ट के निर्माण के लिए राशि स्वीकृत हुई है। हिमाचल विधानसभा मानसून सत्र के तीसरे दिन प्रश्नकाल के दौरान नादौन के विधायक  सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सदन में सवाल पूछा था कि प्रदेश में कितनी लागत से कहां-कहां हेलिपोर्ट बनाए जा रहे हैं? हेलिपोर्ट में कितने हेलिकॉप्टर्स खड़े हो सकते हैं। इनके निर्माण के लिए कितनी धनराशि मंजूर हुई तथा कौन सी कंपनी द्वारा निर्माण किया जाएगा। विधायक द्वारा पूछे गए सवाल के लिखित जवाब में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि उड़ान-2 योजना के अंतर्गत छह हेलिपोर्ट का निर्माण प्रस्तावित है। हेलिपोर्ट निर्माण हेतु पवन हंस ने प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की है। इसके अनुसार वर्तमान में सिविल वर्क्स पर लगभग 28 करोड़ आठ लाख आठ हजार 231 रुपए की लागत आने की संभावना है। सीएम ने कहा कि हेलिपोर्ट को उड़ान- दो योजना के अंतर्गत प्रदेश के तीनों हवाई अड्डों से हेलिकॉप्टर ऑपरेशन/ हेलिटैक्सी सेवा हेतु भविष्य में जोड़ा जाएगा। सदन में विधायक द्वारा अनुपूरक प्रश्न पूछने पर सीएम ने कहा कि हेलिपैड व हेलिपोर्ट में अंतर है। यह सच है कि उड़ान-टू के तहत छह हेलिपोर्ट स्वीकृत हुए हैं। उड़ान-2 की शुरुआत पूरे देश में हुई थी। उन्होंने कहा कि हिमाचल में छोटे हेलिपैड की संख्या 64 है। शिमला राजधानी है, यहां पर अपना हेलिपैड नहीं है। जिसे अभी इस्तेमाल किया जा रहा है, वह आर्मी का है। यहां अनुमति लेने की प्रक्रिया बहुत लंबी है। फिर भी मंजूरी न मिले तो एयरपोर्ट जुब्बड़हट्टी व कल्याणी हेलिपैड में उतरना पड़ता है। इसी तरह मंडी भी इतना बड़ा जिला है। पड्डल ग्राउंड में खेल चल रहा हो तो सुंदरनगर जाना पड़ता है। सीएम ने स्पष्ट किया कि 68 विधानसभा क्षेत्रों में हेलिपैड की व्यवस्था की जाएगी।

हिमाचल में प्रस्तावित हेलिपोर्ट

स्थान      जिला      राशि

संजौली    शिमला    10 करोड

रामपुर     शिमला    3.59 करोड़

झाकड़ी    शिमला    3.16 करोड़

कांगनीधार मंडी        5.25 करोड़

बद्दी      सोलन     2.73 करोड़

सासे       कुल्लू      3.34 करोड़

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App