हिमाचल में 29 अगस्त तक बारिश

By: Aug 24th, 2019 12:30 am

विभाग का पूर्वानुमान, आज से फिर रफ्तार पकडे़गा मानसून

शिमला – हिमाचल प्रदेश में 29 अगस्त तक मौसम खराब बना रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो राज्य में शनिवार से मानसून फिर से रफ्तार पकड़ सकता है। मौसम विभाग ने राज्य के कुछ स्थानों बारिश होने की संभावना जताई है। यह क्रम आगामी पूरे सप्ताह जारी रहेगा। जबकि 26-27 अगस्त को राज्य के मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मानसून रौद्र रूप दिखा सकता है। विभाग ने राज्य के इन क्षेत्रों में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है, जो जनता के लिए फिर से दिक्कतें खड़ी कर सकता है। वहीं, प्रदेश में शुक्रवार को दोपहर तक मौसम साफ बना रहा। इस दौरान राज्य के अधिकांश स्थानों पर धूप खिली रही, मगर दोपहर बाद मौसम ने एकाएक करवट बदल ली। वहीं शाम के समय प्रदेश के कई स्थानों पर बारिश होने से राज्य के शिमला, सुंदरनगर, कल्पा, धर्मशाला, ऊना, नाहन, डलहौजी व केलांग के अधिकतम तापमान में फिर से गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्र्री सेल्सियस तक की गिरावट आंकी गई है। कांगड़ा, हमीरपुर व बिलासपुर के अधिकतम तापमान में गुरुवार के मुकाबले बढ़ोतरी रिकार्ड की गई है। राज्य के राजगढ़, कंडाघाट, कुफरी, शिमला, पांवटा साहिब व नगरोटा में गुरुवार शाम को बारिश दर्ज की गई है। बारिश होने से न्यूनतम तापमान में भी हल्की गिरावट रिकार्ड दर्ज की गई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य भर में 29 अगस्त तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान राज्य के कुछ स्थानों पर बारिश होगी, जबकि 26-27 अगस्त को मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अनेक स्थानों पर बारिश होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App