हिमाचल से दूरदर्शन की आवाज नीलम शर्मा नहीं रहीं

By: Aug 18th, 2019 12:07 am

हमीरपुर – हिमाचल के हमीरपुर जिला के भलवानी गांव से दूरदर्शन की मशहूर एंकर नीलम शर्मा का शनिवार दोपहर निधन हो गया। वह 50 वर्ष की थीं। दूरदर्शन ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर नीलम के निधन की जानकारी दी। वह 24 साल से दूरदर्शन में सेवाएं दे रहीं थीं और उनका परिवार दिल्ली में रहता है, लेकिन भोरंज उपमंडल का भलवानी उनका पैतृक गांव है। उन्होंने साल 1995 में दूरदर्शन से अपने करियर की शुरुआत की थी। बताया जा रहा है कि वह कैंसर से पीडि़त थीं और करीब एक सप्ताह से वेंटिलेटर पर थीं। शनिवार सायं उनका दिल्ली में अंतिम संस्कार कर दिया गया। अपने 24 साल के करियर में उन्होंने ‘तेजस्विनी’ और ‘बड़ी चर्चा’ जैसे लोकप्रिय कार्यक्रमों का संचालन किया। मार्च 2019 में उन्हें राष्ट्रपति के हाथों ‘नारी शक्ति सम्मान’ से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा भी उन्हें कई अन्य सम्मानों से सम्मानित किया गया। उनकी शिक्षा-दीक्षा दिल्ली में ही हुईं थी, लेकिन फिर भी वह अपने गांव के लोंगों के साथ संपर्क में रहती थीं। नीलम शर्मा का पहले अकसर अपने गांव भलवानी में आना-जाना लगा रहता था, लेकिन कुछ वर्षों से अधिक व्यस्तता के चलते वह अपने गांव नहीं आ पाई थीं। नीलम के अतिरिक्त उनकी दो बहनें हैं। नीलम शर्मा का एक बेटा है, जो जमा एक में पढ़ता है। नीलम शर्मा के निधन की सूचना हमीरपुर में दोपहर बाद लोगों को मिलीं और सूचना मिलते ही लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App