1041 करोड़ के ज़ख्म दे गई बेरहम बरसात

By: Aug 29th, 2019 12:01 am

शिमला – हिमाचल में कुदरत जमकर कहर बरपा रही है। मॉनसून सीजन में बारिश ने अब तक पहाड़ी प्रदेश को 1041 करोड़ की चपत लगा दी है। राज्य में अभी भी 122 करीब सड़कें भू-स्खलन के कारण अवरुद्व पड़ी हुई हैं। ऐसे में नुकसान का आंकड़ा और बढ़ सकता है। राज्य आपदा प्राधिकरण के अनुसार हिमाचल में बारिश अभी तक 1041 करोड़ का नुकसान कर चुकी है। बारिश से पीडब्ल्यूडी को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है। पीडब्ल्यूडी को बारिश से अब तक 544 करोड़ की चपत लग चुकी है। इसके अलावा बारिश से आईपीएच विभाग के नुकसान का आंकड़ा 303 करोड़ तक पहुंच गया है। राज्य में बारिश से कृषि, बागबानी कोे भी करोेड़ों की चपत लगी है। वहीं, बिजली बोर्ड को भी भारी नुकसान हुआ है। राज्य में 17 व 18 अगस्त को भारी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। इस मूसलाधार बारिश के बाद राज्य में जनजीवन पटरी से उतर गया था। इस बारिश के जख्म अभी तक नहीं भर पाए हैं। प्रदेश में अभी भी जिदंगी पूरी तरह से पटरी पर नहीं लौट पाई है। ऐसे में जनता को अभी भी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।

122 सड़कें अभी भी बंद

हिमाचल में बारिश के कारण अभी भी 122  सड़कें यातायात के लिए अवरुद्ध पड़ी हुई हैं। मंडी ज़ोन में सबसे ज्यादा 52 मार्ग बंद पडे़ हुए हैं। वहीं  शिमला में 40, कांगड़ा में 22 और हमीरपुर में आठ मार्ग यातायात के लिए ठप पड़े हुए हैं। हिमाचल में भारी बारिश से अब तक 49 मौतें हो चुकी हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App