15 को 11:05 से 1:51 बजे तक बांधें राखी

By: Aug 11th, 2019 12:40 am

पंडित विपन शर्मा बोले, इस बार को रक्षाबंधन त्योहार पर भद्रा का साया नहीं, कई शुभ संयोग

जवाली – हर साल श्रावण मास की पूर्णिमा को रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जाता है। इस दिन बहनें अपने भाई की कलाई में रक्षासूत्र बांधकर उसकी लंबी उम्र और सुख की कामना ईश्वर से करती हैं, तो वहीं भाई अपनी बहन को उसकी रक्षा का वचन देता है। इस साल यह त्योहार 15 अगस्त को मनाया जाएगा। जवाली के ज्योतिषी पंडित विपन शर्मा ने बताया कि इस साल रक्षाबंधन का त्योहार कई मायनों में खास रहने वाला है। इस बार रक्षाबंधन पर भद्रा का साया नहीं रहेगा। पंडित विपन शर्मा ने बताया कि कई साल बाद इस दिन भद्रा का साया नहीं है। भद्राकाल के दौरान शुभ कार्य नहीं किए जाते, इसलिए इस बार राखी बांधने के शुभ मुहूर्त को लेकर बहनों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। पंडित विपन शर्मा ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन राखी बांधने का शुभ मुहूर्त सुबह 11:05 से 1:51 बजे तक होगा। ज्योतिषी पंडित विपन शर्मा ने बताया कि राखी पर इस बार कई शुभ संयोग भी बन रहे हैं। रक्षाबंधन के दिन श्रावण नक्षत्र, सौभाग्य योग, सूर्य का कर्क राशि में प्रवेश और चंद्रमा मकर राशि में रहेगा। इसके अतिरिक्त रक्षाबंधन के चार दिन पहले गुरु मार्गी होंगे, यानी सीधी चाल चलेंगे। इस बार रक्षाबंधन गुरुवार के दिन पड़ने से बेहद शुभ संयोग बनेगा। ज्योतिषी पंडित विपन शर्मा के अनुसार पूर्णिमा तिथि 14 अगस्त बुधवार को दिन में 2:47 बजे से शुरू होगी, जो 15 अगस्त की शाम 4:23 बजे तक रहेगी। राहुकाल दिन में 1:30 से दोपहर तीन बजे है, इसलिए राहुकाल के समय को छोड़कर शुभ मुहूर्त में रक्षाबंधन बांधना मंगलकारी रहेगा।

इन राशियों के लिए यह रंग शुभ

मेष : इस राशि के लोगों की कलाई पर यदि लाल रंग की राखी बांधी जाए, तो वह काफी शुभ मानी जाती है। वृषभ : सफेद और चांदी रंग की राखी अच्छी रहेगी। मिथुन : हरी या चंदन से बनी राखियां पहननी चाहिएं। कर्क : सफेद रेशमी धागे या फिर मोतियों से बनी राखी इस राशि के लोगों के लिए शुभ होगी है। सिंह : पीले या फिर गुलाबी रंग की राखी बांधनी चाहिए, जो कि काफी अच्छी रहेगी। कन्या : सफेद या हरे रंग की राखी बांधनी चाहिए। तुला : हल्के नीले, सफेद या फिर क्रीम रंग की राखी आप बांधे।  वृश्चिक : गुलाबी या फिर लाल राखी शुभ मानी जाती है। धनु : रेशमी और पीले रंग की राखी काफी शुभ होती है। मकर : नीले या फिर गहरे नीले रंग की राखी बांधनी चाहिए। कुंभ : रूद्राक्ष से बनी राखी उन्हें बांधे। इसके अलावा पीले रंग की राखी भी बांध सकते हैं। मीन : पीले रंग की राखी बांधनी चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App