24 घंटे की बारिश…एक करोड़ का नुकसान

By: Aug 20th, 2019 12:19 am

संगड़ाह उपमंडल में 19 पालतू पशु बने बारिश का शिकार; बरसात से अब तक तीन करोड़ बहे, भू-स्खलन से सड़कों पर थमीं रफ्तार

संगड़ाह –उपमंडल संगड़ाह में पिछले 24 घंटों में बारिश के चलते करीब एक करोड़ से अधिक की संपत्ति का नुकसान हो चुका है। लोक निर्माण विभाग मंडल की सड़कों पर पिछले दो दिनों में जहां 50 लाख की सरकारी संपत्ति की हानि हुई, वहीं राजस्व तथा आईपीएच विभाग के आंकड़ों के मुताबिक शनिवार व रविवार को करीब 54 लाख की संपत्ति बारिश लील गई। तहसीलदार आत्मा राम नेगी ने बताया कि संबंधित पटवारियों से मिली रिपोर्ट के मुताबिक भू-स्खलन से जहां गनोग निवासी तुलसा देवी का रिहायशी मकान जमींदोज हो गया, वहीं डुंगी में कुंदन सिंह का मकान मलबे की चपेट में आ गया। उपमंडल के पंजाह गांव में जहां सुंदर सिंह की पशुशाला क्षतिग्रस्त हुई, वहीं गनोग प्राथमिक स्कूल की दीवार भी गिरी। इसके अलावा संगड़ाह-गत्ताधार सड़क मार्ग पर एक आल्टो कार मृगवाली नाले में बाढ़ की चपेट में आने से चकनाचूर हो गई। गांव भूतमढ़ी में जसवंत सिंह की पशुशाला गिरने से दो गायें जिंदा दफन होने तथा संगड़ाह में भीम सिंह की पशुशाला गिरने की रिपोर्ट भी मिली है। गिरि नदी में अचानक आई बाढ़ से तनोशि गांव के 17 पालतू पशु बहने की सूचना भी मिली है। हालांकि कानूनगो हीरा सिंह के अनुसार पशुओं के मरने की पुष्टि होना शेष है। रविवार को संगड़ाह में 120 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। सोमवार को हालांकि मौसम साफ रहा, मगर धूप खिलते ही दर्जन भर स्थानों पर फिर से भू-स्खलन होने से सड़कों पर यातायात व्यवस्था बाधित रही। लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता संगड़ाह रतन शर्मा ने बताया कि पिछले 24 घंटों में बारिश से जहां विभाग को करीब 50 लाख की क्षति पहुंची है। वहीं बरसात से अब तक कुल अढ़ाई करोड़ का नुकसान हो चुका है। आईपीएच के अधिशाषी अभियंता नौहराधार एआर रहमान ने बताया कि पिछले दो दिनों में मंडल में कुल 48 लाख के करीब नुकसान हुआ है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App