अनुराग बताएंगे, मोदी ने क्या किया

By: Sep 9th, 2019 12:04 am

शिमला में केंद्र की 100 दिन की उपलब्धियों का करेंगे बखान

शिमला –प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए की दूसरी सरकार के 100 दिन पूरे होने जा रहे हैं। इस 100 दिन में इस सरकार ने देश के लिए क्या कुछ किया है, इसकी जानकारी भी मोदी मंत्रिमंडल के सदस्य पूरे देश में देंगे। देश के लोगों से वर्तमान केंद्र सरकार के कामकाज को साझा करने के साथ केंद्रीय मंत्री हर प्रदेश में केंद्र की उपलब्धियों को गिनाने आ रहे हैं। इसके लिए हिमाचल प्रदेश में केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर की ड्यूटी लगी है, जो कि हिमाचल से ही नाता रखते हैं। क्योंकि केंद्रीय मंत्रिमंडल में प्रदेश से वह अकेले मंत्री हैं, लिहाजा उन्हें हिमाचल भेजा जा रहा है। इतना ही नहीं, केंद्र में मंत्री बनने के बाद अनुराग ठाकुर पहली बार हिमाचल की राजधानी शिमला आएंगे। इससे पहले वह हमीरपुर गए थे और अब शिमला आ रहे हैं। यहां पीटरहॉफ में उनका कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें वह मीडिया से मुखातिब होकर देश की सरकार के 100 दिन के कामकाज के बारे में विस्तार से बताएंगे। बता दें कि मोदी सरकार के पिछले कार्यकाल में हिमाचल में इस तरह के समारोहों में तत्कालीन केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा आया करते थे। अब नड्डा भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, लिहाजा उनकी जिम्मेदारियां बदल चुकी हैं। इसलिए सरकारी समारोह को लेकर अनुराग ठाकुर यहां आएंगे। बताया जाता है कि अनुराग ठाकुर का यहां पहुंचने पर भाजपा के नेता उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत करेंगे। यहां भाजपा का शिमला मंडल उनके स्वागत की तैयारियों में जुट गया है। प्रदेश सरकार के मंत्री भी उनके साथ इस कार्यक्रम में रहेंगे। सोमवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का धर्मशाला में कार्यक्रम है, इसलिए माना जा रहा है कि अनुराग ठाकुर की उनसे शायद ही मुलाकात हो। बता दें कि जयराम ठाकुर रविवार को ही धर्मशाला चले गए थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App