अब पहाड़ों से भी उतरने लगा सेब

By: Sep 20th, 2019 12:01 am

शिमला – हिमाचल प्रदेश में मौजूदा सेब सीजन का आंकड़ा दो करोड़ सेब बॉक्स तक पहुंच गया है। अब राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों से भी सेब सीजन का आगाज हो गया है। इससे सेब के दामों में भी हल्का उछाल आया है। दामों में उछाल आने से बागबानों ने राहत की सांस ली है। वहीं, बुधवार तक राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से एक करोड़ 97 लाख सेब बॉक्स मार्केट में पहुंचे थे। गुरुवार को तीन लाख से अधिक सेब बॉक्स मार्केट में पहुंचने की सूचना है। इससे मौजूदा सेब सीजन में उत्पादन का आंकड़ा दो करोेड़ तक पहुंच गया है। बागबानी विभाग द्वारा राज्य में मौजूदा सेब सीजन के दौरान चार करोड़ सेब बॉक्स के उत्पादन का अनुमान लगाया गया था। मौजूदा समय में राज्य के मध्यम ऊंचाई  वाले क्षेत्रों में सेब सीजन प्रगति पर है। इसके अलावा राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तो सेब सीजन का आगाज  ही हुआ है। ऐसे में उत्पादन का आंकड़ा अनुमानित आंकडे़ तक पहुंचने की सभावना जताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि राज्य में मौजूदा समय में मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों मे सेब सीजन चरम पर चला हुआ है। राज्य के इन क्षेत्रों से फल मंडियों में रोजाना सेब की दो से तीन लाख सेब बॉक्स पहुंच रहे हैं। राज्य में मानसून के कमजोर पड़ते ही  बागवानों ने सेब तुड़ान कार्य को गति प्रदान कर दी है। अब राज्य के ऊंचाईर् वाले क्षेत्रों से सेब पहुंचना शुरू हो गया है। राज्य में अभी तक किन्नौर व लाहुल स्पीति में सेब तुड़ान कार्य आरंभ होना बाकी है। राज्य के इन क्षेत्रों से जल्द ही सेब मार्केट में उतरने की संभावना जताई जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App