आंगनबाड़ी केंद्र दुलार में पोषण रैली

By: Sep 15th, 2019 12:22 am

अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर स्वच्छता पर जगाया अलख

राजनगर- पोषण अभियान के तहत कियानी वृत्त में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। वृत्त पर्यवेक्षिका सुषमा ठाकुर की अगवाई में आयोजित इस रैली में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान लोगों को पोषण अभियान के बारे में जागरूक भी किया गया। रैली के दौरान लोगों को स्वास्थ्य और संतुलित आहार के बारे में भी बताया गया। रैली में फीमेल हेल्थ वर्कर देवी व आशा वर्कर ने भी हिस्सा लिया। यह जानकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी हुक्मदेव शर्मा ने दी। उन्होंने साथ ही बताया कि परियोजना क्षेत्र चंबा के तहत आंगनबाड़ी केंद्र दुलार में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा पोषण रैली का आयोजन किया गया, जिसमें घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया गया। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्र झुलाड़ा में भी विभिन्न प्रकार की गतिविधियां आयोजित की गई, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने हाथ धोने के विभिन्न तरीकों से लोगों को अवगत करवाया गया। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र चंबी में भी पोषण दिवस मनाया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं द्वारा संतुलित आहार बनाने की विधि के बारे में जानकारी दी गई। इसके अलावा मैहला, भरमौर व चुवाड़ी में भी पोषण अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जिसमें कार्यकर्ताओं ने गृह भ्रमण के दौरान महिलाओं में खून की कमी और गर्भ के दौरान की जाने वाली विभिन्न सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया। विकास परियोजना कार्यालय तीसा के तहत भी कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें स्थानीय महिलाओं ने खूब बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App