उपचुनावों की घोषणा तीन दिन में

By: Sep 19th, 2019 12:30 am

प्रत्याशियों के चयन को हाई मोड पर भाजपा; धर्मशाला दस, तो पच्छाद में सात दावेदार

शिमला – धर्मशाला और पच्छाद में प्रस्तावित विधानसभा उपचुनावों की घोषणा अगले तीन दिन में संभव है। रविवार से पहले संभावित ऐलान के लिए चुनाव आयोग ने पूरी तरह कमर कस ली है। इसी बीच सत्तारूढ़ भाजपा भी प्रत्याशियों के चयन के लिए हाई मोड पर आ गई है। धर्मशाला से भाजपा के संभावित चेहरों की संख्या दहाई का आंकड़ा पार कर गई है। सिरमौर जिला के पच्छाद में दावेदार सात टिकटार्थियों ने कमोवेश यही स्थिति पार्टी के लिए खड़ी कर दी है। कांग्रेस फिलहाल अपने पुराने प्रत्याशियों पर दाव लगाने की तैयारी में है। इसके चलते पच्छाद से गंगूराम मुसाफिर तथा धर्मशाला से सुधीर शर्मा के चुनावी अखाड़े में उतरने की संभावना है। भाजपा केंद्रीय हाईकमान ने उपचुनावों का पूरा जिम्मा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर छोड़ दिया है। इसके चलते धर्मशाला तथा पच्छाद दोनों ही सीटों पर प्रत्याशियों का पिटारा मुख्यमंत्री अपनी पसंद का खोलेंगे। सत्तारूढ़ दल धर्मशाला में युवा चेहरे पर दाव खेलना चाहती है। भाजपा उपचुनाव में जीत की संभावनाओं की बजाय भविष्य के लिए इन्वेस्टमेंट करना चाहती है। इस कारण मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ऐसे चेहरे उतारने की फिराक में है, जो दो दशकों तक पार्टी को मजबूत नेतृत्व दे सके। इस फेहरिस्त में मुख्यमंत्री के सामने कई विकल्प मौजूद हैं। हालांकि मंत्री पद छोड़कर दिल्ली पहुंचे सांसद किशन कपूर को भी मुख्यमंत्री हर फैसले में विश्वास में ले रहे हैं। इस कारण प्रत्याशी चयन में उलझन बढ़ गई है। इसी प्रकार के हालात सिरमौर के पच्छाद में दिख रहे हैं। कई दावेदारों से लबरेज पच्छाद भाजपा उपचुनाव जीत को लेकर आश्वस्त है। यहां भी चिंता लंबी पारी खेलने वाले नेता की तलाश की है।

बेटे के लिए टिकट चाह रहे कपूर

पार्टी के आदेश पर मंत्री पद छोड़कर दिल्ली पहुंचे किशन कपूर अपने बेटे शास्वत के लिए टिकट चाह रहे हैं। इसके अलावा भाजपा के दिग्गज नेता शांता कुमार अपने अजीज राजीव भारद्वाज का नाम आगे बढ़ा रहे हैं। संगठन की तरफ से विशाल नेहरिया, राकेश शर्मा, सचिन शर्मा तथा उमेश शर्मा के नाम प्रस्तावित हैं। इसी बीच सीएम के एक करीबी अधिकारी का नाम संघ ने आगे बढ़ाया है। इसके अलावा संगठन के कई पदाधिकारी टिकट की मांग कर रहे हैं।

पच्छाद में भी कम नहीं है टेंशन

जीत की हैट्रिक के लिए उपचुनाव में उतर रही भाजपा की पच्छाद में चिंता कम नहीं है। विधानसभा छोड़कर लोकसभा पहुंचे सुरेश कश्यप अपने करीबी को टिकट दिलाना चाहते हैं। खाद्य निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर भी अपनी पसंद सीएम के आगे रख रहे हैं। सांसद सुरेश कश्यप के रिश्तेदार सुरेंद्र चौहान टिकट मांग रहे हैं। इसी बीच पच्छाद की रणभूमि में बलदेव कश्यप, आशीष सिक्टा, प्रेम सिंह कश्यप, भविंद्र सिंह, रीना कश्यप तथा जिला परिषद सदस्य दयाल प्यारी अपना दावा पेश कर रही हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App