एचआरटीसी मुख्यालय से जांच फाइल गायब

शिमला – हिमाचल पथ परिवहन निगम मुख्यालय से भ्रष्टाचार  मामले  में गोपनीय  रिपोर्ट पर हो  रही जांच की  फाइल गायब हो गई है। यह आरोप हिमाचल परिवहन मजदूर संघ ने लगाया है। मजदूर संघ का आरोेप है कि जांच की फाइल अधिकारियों की मिलीभगत से गायब हुई है। संघ ने उक्त प्रकरण में छानबीन  कर दोषी अधिकारियों को निलंबित करने के  साथ-साथ  एफआईआर दर्ज करवाने  की मांग की है। गुरुवार को परिवहन मजदूर संघ ने  निगम के  कार्यकारी निदेशक  अनुपम कश्यप  को इस बाबत शिकायत पत्र सौैंपा। मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि एचआरटीसी मुख्यालय से एक पूर्व अधिकारी की गोपनीय रिपोर्ट पर चल रही जांच की फाइल रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गई है। संघ की शिकायत पर निगम के कार्यकारी निदेशक ने संबंधित मामले में अविलंब गहनता से जांच कर वास्तविक स्थिति प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं।