एडीएम ने लांच किया ‘देया पंछिया भजन’ का पोस्टर

By: Sep 19th, 2019 12:18 am

बिलासपुर में 20 सितंबर को भैरवी स्टूडियो के यू-ट्यूब पर रिलीज होगा भजन, गायक अभिषेक को दी बधाई

बिलासपुर -श्री कृष्ण भजन सांवरा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्तिमय माहौल उपलब्ध करवाने के बाद अब भजन गायक अभिषेक सोनी माता के भजनों का रसपान करवाएंगे। नवरात्र के अवसर पर अभिषेक सोनी के दो भजन रिलीज होने जा रहे हैं। इनमंे से एक भजन देया पंछिया 20 सितंबर को भैरवी स्टूडियो के यू-ट्यूब चैनल पर रिलीज किया जाएगा। इसका पोस्टर बुधवार को यहां परिधि गृह के परिसर में आयोजित एक सादे कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पधारे बिलासपुर के अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विनय धीमान ने लांच किया। इस दौरान भजन गायक अभिषेक सोनी के साथ उनकी पूरी टीम मौजूद रही। कार्यक्रम को संबोंधित करते हुए एडीएम विनय धीमान ने अभिषेक सोनी को बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी। उन्होंने सोनी द्वारा श्रोताओं को भक्तिमय संगीत उपलब्ध करवाने के लिए किए जा रहे कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस भजन को बिलासपुर की इसी लोकेशन पर शूट किया गया है। जो कि पर्यटन की दृष्टि से काफी महत्त्वपूर्ण हैं। भजन के माध्यम से जनता को बिलासपुर जिला की की खुबसूरती से रू-ब-रू होने का मौका भी मयस्सर होगा। उन्होंने भजन गायक अभिषेक सोनी और उनकी पूरी टीम को शुभकामनाएं दी। भजन गायक अभिषेक सोनी ने बताया कि इस भजन को संगीत हिमाचल के प्रसिद्ध संगीत निर्देशक परमजीत पम्मी ने दिया है, जबकि पंडित परमानंद शर्मा ने इस भजन को लिखा है। भजन में विडियो निर्देशन अभिषेक डोगरा का है। वहीं, एडिटिंग का कार्य अक्षय वर्मा ने किया है। अभिषेक सोनी के अनुसार उनके साथ-साथ बिलासपुर के कई अन्य कलाकार भी इस भजन में दिखाई देंगे। उन्होंने बताया कि बिलासपुर में स्थित माता के मंदिरों के अलावा बड़ोली देवी मंदिर, महर्षि मार्कंडेय मंदिर, बंदला और गोबिंदसागर झील में भजन शूट किए गए हैं। बताते चलें कि इससे पहले जन्माष्टमी पर अभिषेक सोनी का श्री कृष्ण जी को समर्पित सांवरा भजन आया था। जिसे लोगों ने खूब पसंद किया था। इस अवसर पर अभिषेक डोगरा, निशांत कपूर, नवीन सोनी, विक्रम ठाकुर व राम हरि आदि उपस्थित रहे।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App