कठलग के उजड़े परिवारों की मदद करेगा केंद्र

By: Sep 24th, 2019 12:30 am

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने जाना पीडि़तों का दर्द, उपायुक्त को दिए जमीन की जांच करवाने के आदेश

घुमारवीं -‘दबी गए घर बार, न खेत रहे, न रहे मकान। रहैणे जो ठिकाना नियां। परामत्मे जान तां बचाई ति, पर सामने हुण ज्यादा समस्याएं खड़ी होई गई रेयां। एक महिनां बीतया पर रहने जो अजे तक कोई पक्का ठिकाना नियां। रात-दिन एड़ी सोच लगी री कि अगे क्या कमाएंगे, ते क्या खांगे’…। मिली-जुली हिंदी तथा पहाड़ी भाषा में यह बात त्रासदी से बेघर हुए पीडि़त परिवारों के सदस्यों ने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर के समक्ष रखी। पीडि़त परिवारों ने केंद्रीय वित्त मंत्री को बताया कि मकान के साथ उनकी कृषि योग्य भूमि भी लैंड स्लाइड की जद में आ गई है। खेतीबाड़ी व पशुपालन से गुजारा करने वाले लोगों के समक्ष जमीन न होने के कारण रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। पीडि़त लोगों की समस्याएं सुनने के बाद केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आपदा से पीडि़त परिवारों के लिए मकान बनाने को प्रदेश सरकार शीघ्र ही जमीन मुहैया करवा देगी तथा इसके अलावा जो भी संभव होगा केंद्र से भी मदद की जाएगी। इस दौरान केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने पीडि़त परिवारों के सदस्यों को सांत्वना दी तथा उन्हें हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया। जानकारी के मुताबिक केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने सोमवार को घुमारवीं की कसारू पंचायत के कठलग (करयालग) गांव में बरपे कुदरत के कहर से हुई भारी लैंड स्लाइडिंग से बेघर हुए सात परिवार के सदस्यों से मिलने करयालग पहुंचे। जहां पर उन्होंने पीडि़त परिवारों की समस्याओं को सुना तथा उन्हें हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया। इस दौरान केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने लैंड स्लाइड वाले स्थल का भी जायजा लिया। केंद्रीय मंत्री ने उपायुक्त बिलासपुर को लैंड स्लाइड वाले स्थल की जंाच करवाने के आदेश दिए। सांसद ने स्थानीय लोगों से भी इसके बारे जानकारी ली। जबकि इससे पहले घुमारवीं में लोगों से संवाद करके उनकी समस्यों को सुना। इस मौके पर घुमारवीं के विधायक राजेंद्र गर्ग, सदर विधायक सुभाष ठाकुर, झंडूता विधायक जीत राम कटवाल, उपायुक्त राजेश्वर गोयल तथा एसडीएम शशिपाल शर्मा सहित काफी संख्या में अधिकारी व कर्मचारियों के अलावा स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App