कमजोर मानसून ने फिर दिखाया दम

By: Sep 14th, 2019 12:01 am

शिमला – हिमाचल प्रदेश में कमजोर पड़े मानसून ने फिर से करवट बदली है। बीते 24 घटों के दौरान राज्य के मैदानी इलाकों में कई स्थानों पर बारिश रिकार्ड की गई। शुक्रवार को दोपहर बाद प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में ठंडी हवाएं चलीं। इससे अधिकतम तापमान में एक से पांच डिग्री की गिरावट आई है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 19 सितंबर तक मौसम खराब बना रहेगा। मैदानी इलाकों में भी 17 सितंबर तक एक-दो स्थानों पर बारिश होगी, जबकि विभाग ने पहाड़ों पर अगामी पूरे सप्ताह के दौरान मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान लगाया है। राज्य में शुक्रवार को दिन की शुरुआत धूप खिलने के साथ हुई थी, मगर राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में दोपहर बाद आसमान में काले  बादल घिरने शुरू हो गए। इससे राज्य के अधिकांश क्षेत्रों के तापमान में गुरुवार के मुकाबले गिरावट रिकार्ड की गई है। डलहौजी के पारे में सबसे अधिक पांच डिग्री की गिरावट आंकी गई है। सुंदरनगर में दो डिग्री तक की गिरावट आई है। बीते 24 घटों के दौरान गगल में सबसे ज्यादा 45 मिलीमीटर बारिश हुई है। वहीं, धर्मशाला में 12, सराहन में 11, नयनादेवी में 10, नगरोटा सूरियां में आठ, जोगिंद्रनगर में सात व पालमपुर में पांच मिलीमीटर बारिश हुई। बारिश होने  से न्यूनतम तापमान में भी हल्की गिरावट आई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य के मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 19 सितंबर तक मौसम खराब बना रहेगा। मैदानी इलाकों में भी 17 सितंबर तक बारिश होगी, जबकि पहाड़ों पर 19 सितंबर तक मौसम साफ बना रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App