खेल अनुदान राशि अब 50 लाख रुपए

By: Sep 22nd, 2019 12:03 am

खिलाडि़यों की डाइट मनी 100 रुपए रोजाना

थुनाग – स्कूल स्तर पर खेलों के आयोजन के लिए अनुदान राशि 20 लाख से बढ़कर 50 लाख रुपए तथा खिलाडि़यों की भोजन राशि को 60 रुपए प्रतिदिन से बढ़ाकर 100 रुपए होगी। यह सौगात शनिवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा क्षेत्र के जंजैहली में राज्य स्तरीय लड़कियों की अंडर-19 खेल प्रतियोगिता के शुभारंभ पर दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां हमारे जीवन का महत्त्वपूर्ण हिस्सा हैं, जिससे व्यक्ति का सर्वांगीण विकास होता है।  उन्होंने कहा कि यह देखकर खुशी होती है कि लड़कियां खेल क्षेत्र में कड़ी मेहनत कर स्कूल तथा राज्य स्तर पर उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लड़कियां शिक्षा, खेल व राजनीति में बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। वह साबित कर रही हैं कि लड़कों से कम नहीं हैं। सीएम ने  कहा कि राज्य सरकार ने लड़कियों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं तथा सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में भी अनेक योजनाएं चलाई हैं। सरकार ने 500 मेधावी छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने के लिए हर छात्रा को एक लाख रुपए देने के लिए ‘मेधा प्रोत्साहन योजना’ शुरू की है। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए राज्य में बहुत कुछ करने की जरूरत है। सरकार प्रदेश में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App