चंडीगढ़ लेगा पंचकूला से साइकिलें

By: Sep 22nd, 2019 12:02 am

पंचकूला – स्मार्ट सिटी चंडीगढ़ अब पंचकूला से साइकिल चलाना सीखने जा रही है। चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अधिकारियों ने नगर निगम पंचकूला से 80 साइकिल उधार मांगी हैं, ताकि वह चंडीगढ़ के लोगों को साइकिल का महत्त्व बता सकें। साथ ही यदि लोगों का रिस्पांस अच्छा मिला, तो चंडीगढ़ में भी पब्लिक बाइक शेयरिंग प्रोजेक्ट को लांच कर दिया जाएगा। चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के डायरेक्टर की ओर से पंचकूला नगर निगम के कमीश्नर को लिखे गए पत्र में स्पष्ट तौर से कहा गया है कि चंडीगढ़ में साइकिल प्रोजेक्ट को लांच करने से पहले वह लोगों का रिस्पांस देखना चाहते हैं। इसके लिए 23 सितंबर को सेक्टर-17 चंडीगढ़ में एक इवेंट का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सुबह आठ बजे से शाम सात बजे साइकिल के प्रति लोगों का रिस्पांस देखा जाएगा। नगर निगम पंचकूला के प्रशासक एवं आयुक्त राजेश जोगपाल ने बताया कि चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट डायरेक्टर से उन्हें एक पत्र प्राप्त हुआ है। साइकिलें किन रेट्स पर एक दिन के लिए दी जानी है, इस पर चर्चा की जा रही है। जिसके बाद चंडीगढ़ के आवेदन को स्वीकार कर लिया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App