चंद्रयान-2 को बड़ी कामयाबी, सफलतापूर्वक अलग हुए ऑर्बिटर और लैंडर

भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान के लिए आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है। चंद्रयान-2 के मॉड्यूल से लैंडर विक्रम सफलतापूर्वक अलग हो गया। इसरो ने भी ट्वीट कर इसकी पुष्टि की है। इसरो के अनुसार, भारतीय समयानुसार आज लैंडर विक्रम दिन में करीब 1 बजकर 35 मिनट पर सफलतापूर्वक अलग हो गया। अंतरिक्ष वैज्ञानिकों ने इस अलगाव को मायके से ससुराल के लिए रवाना होने जैसा बताया है। 
तय समय पर हुआ लैंडर विक्रम अलग 
वैज्ञानिकों ने उच्च स्तरीय बैठक के बाद लैंडर विक्रम के अलग होने के लिए जो समय निर्धारित किया था, उसी वक्त पर अलगाव सफलतापूर्वक हुआ। शनिवार को इसरो वैज्ञानिकों की उच्‍च स्‍तरीय बैठक हुई थी। समीक्षा बैठक में शामिल एक अधिकारी ने कहा, ‘लैंडर और रोवर के अलग होने का समय सोमवार को दोपहर 1.30 बजे रखा गया है।’ आज निर्धारित समय के करीब ही दोपहर 1 बजकर 35 मिनट पर यह लैंडर विक्रम अलग हुआ।