चार विश्वविद्यालयों के कर्मियों को पेंशन देने की तैयारी

By: Sep 22nd, 2019 12:02 am

पंचकूला – हरियाणा सरकार ने प्रदेश के चार विश्वविद्यालयों, नामतः कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र, महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार और लाला लाजपतराय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, हिसार के सेवारत और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अंशदायी भविष्य निधि (सीपीएफ) के स्थान पर पेंशन योजना का विकल्प लेने का एक और अवसर प्रदान करने का निर्णय लिया है। वित्त विभाग के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि यदि सेवानिवृत्त कर्मचारी पेंशन योजना का विकल्प लेते हैं, तो उन्हें सीपीएफ के कारण अदा की गई समस्त राशि लौटानी होगी, जैसाकि अन्य सेवारत कर्मचारियों के मामले में किया गया है। उन्होंने बताया कि सरकार के इस निर्णय से 529 सेवारत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों को लाभ होगा, जिनमें कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के 63, महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के 52, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के 371 और लाला लाजपतराय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, हिसार के 43 कर्मचारी शामिल हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App