‘छात्र संसद’ की आंखों में कैद नोकझोंक

ई-विधान की कार्यवाही देख उत्साहित हुए एचपीयू के स्टूडेंट्स, 11 बैठकों के दौरान 24 स्कूलों के 800 छात्रों ने देखी सदन की कार्यवाही

शिमला -विधानसभा मानसून सत्र के अंतिम दिन सदन में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच हुई नोकझोंक को यहां कार्यवाही देखने पहुंचे छात्रों ने अपनी आंखों में कैद कर दिया। सत्र का शुभारंभ प्रश्नकाल से होता है। ठीक इस दौरान हिमाचल प्रदेश विधानसभा एमबीए ग्रामीण विकास और आईआईएलएस के छात्र भी सदन की कार्यवाही देखने पहुंचे। इस दौरान विपक्ष की ओर से मानसून के दौरान हुए नुकसान को लेकर चर्चा के लिए आवाज उठी।  जब विधानसभा स्पीकर डा. राजीव बिंदल ने अनुमति नहीं दी तो विपक्ष ने सदन में जमकर नारेबाजी की और उनके सदस्य सदन से बाहर चले गए। एक घंटे का प्रश्नकाल और एक घंटे तक अन्य कार्यवाही को छात्रों ने गौर किया। यहां आए छात्रों ने दर्शक दीर्घा से सत्तापक्ष और विपक्ष किस तरह भूमिका निभा रहा है इसकी पल-पल की जानकारी हासिल की। सदन की कार्यवाही के बाद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के एमबीए ग्रामीण विकास तथा शिमला के विभिन्न महाविद्यालयों से आये छात्र संसद के सदस्यगणों से रूबरू होते हुए विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि स्कूली छात्र-छात्राओं तथा युवाओं द्वारा हर रोज सैंकडो की संख्या में विधानसभा की कार्यवाही देखने आना लोकतंत्र की मजबूती का सबब बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और आज पूरा विश्व भारत की प्रशंसा करता है। लोगों द्वारा संसदीय प्रणाली में विश्वास रखना भविष्य के लिए एक अच्छा संदेश है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि उन्हें लोकतंत्र व देश की मजबूती के लिए कार्य करना चाहिए तथा डिजिटल इंडिया व नव भारत निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने छात्रों को विधान सभा में आज होने वाली कार्यवाही तथा कार्यप्रणाली के बारे भी अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि सदन के अंदर चाहे कितनी भी नोंक-झोंक या हंगामा क्यों न हो संसदीय प्रणाली सदैव मजबूत रहेगी। डॉ. बिंदल ने सभी छात्रों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएंं भी दी। विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि मानसून सत्र के दौरान 11 बेठकें हुई और इस दौरान 24 स्कूल और कालेजों के आठ सौ छात्रों ने सदन की कार्यवाही देखी।

दर्शक दीर्घा में एक छात्रा हुई बेहोश

सदन की कार्यवाही देखने पहुंची आईआईएलएस यानी इंडियन इंस्टीच्यूट ऑफ लीगल स्टडी घणाहटी की एक छात्रा दर्शक दीर्घा में बेहोश हो गई। इस छात्रा को अचानक चक्कर आ गया। उनके सहयोगी छात्रों ने उसे दर्शक दीर्घा से उठाकर बाहर ले गए। जहां करीब तीन मिनट बाद उसे होश आ गया। बताया गया कि उक्त छात्रा ने सुबह बे्रकफास्ट नहीं किया था, जिस कारण चक्कर आ गया।

सीएम की धर्मपत्नी भी पहुंची कार्यवाही देखने

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की धर्मपत्नी डा. साधना ठाकुर भी शनिवार को सदन की कार्यवाही देखने पहुंची। डा. साधना पहले दर्शक दीर्घा में बैठी। अचानक विधानसभा स्पीकर डा. राजीव बिंदल की निगाहें उन पर पड़ी तो उन्होंने विशिष्ठ अतिथि दीर्घा में बैठने के लिए यहां डयूटी दे रहे कर्मचारी को डा. साधना के पास भेजा। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की धर्मपत्नी डा. साधना ठाकुर विशिष्ठ दीर्घा में पहुंची और सदन की कार्यवाही देखी।