जयसिंहपुर में दशहरा छह अक्तूबर से

जयसिंहपुर, लंबागांव –राज्य स्तरीय दशहरा उत्सव जयसिंहपुर के सफल आयोजन के लिए एक महत्त्वपूर्ण बैठक का आयोजन बुधवार को लघु सचिवालय परिसर में किया गया। इसकी अध्यक्षता एसडीएम जयसिंहपुर डा. विक्रम महाजन ने की। बैठक में स्थानीय विधायक रविंद्र धीमान ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों व जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए विधायक रविंद्र धीमान ने कहा कि जयसिंहपुर का दशहरा उत्सव राज्य स्तर का कार्यक्रम है, जिसके  सफल आयोजन  के लिए सरकारी विभागों के अतिरिक्त आम जनमानस की सहभागिता भी अति आवश्यक है। इस अवसर पर दशहरा कमेटी के अध्यक्ष डा. विक्रम महाजन ने बताया कि दशहरा उत्सव के दौरान  छह से आठ अक्तूबर तक तीन दिन होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं में जहां प्रादेशिक कलाकार प्रदेश  की संस्कृति को दर्शाएंगे, वहीं बाहरी राज्यों की कला व संस्कृति की झलक भी लोगों को देखने को मिलेगी। उन्होंने  बताया कि दशहरा उत्सव के सफल संचालन के लिए अब तक 20 लाख की राशि की कंट्रीब्यूशन स्लिप  छपवाकर  विभिन्न विभागों को वितरित कर दी गई हैं। दशहरा उत्सव के सफल संचालन के लिए जल्द ही   सांस्कृतिक कार्यक्रम, झांकी, खानपान, प्रदर्शनी, स्मारिका प्रकाशन, कलामंच सौंदर्यीकरण, खेल, कानून व्यवस्था, टेंट व बैठने की व्यवस्था, पेयजल, ट्रैफिक व्यवस्था  व स्वागत समिति सहित विभिन्न समितियों का गठन कर  जिम्मेदारियां तय कर दी जाएंगी। मेला कमेटी के अध्यक्ष ने बताया कि इस बार दशहरा उत्सव के दौरान लगने वाले मेले की शुरुआत पहले नवरात्र से कर करवाचौथ से पहले मेला समाप्त कर  दिया जाएगा, वहीं मेले के दौरान 36 फुट का रावण व 32- 32 फुट के कुंभकरण और मेघनाद के पुतले बनाए जाएंगे।  इससे पूर्व उन्होंने पिछले वर्ष हुए खर्च का ब्यौरा रखते हुए बताया कि गत वर्ष 31 लाख 33 हजार रुपए की कलेक्शन की गई थी व 29 लाख 46 हजार की राशि दशहरा उत्सव पर खर्च की गई थी।