जिला कुल्लू के सैंज में खुले सब्जी मंडी

By: Sep 14th, 2019 12:25 am

जिप अध्यक्ष ने कृषि मंत्री रामलाल मार्कंडेय को बताईं किसानों-बागबानों की समस्याएं

कुल्लू -जिला परिषद अध्यक्ष रोहिणी चौधरी ने कृषि मंत्री डा. रामलाल मार्कंडेय से मनाली में मुलाकात कर सैंज घाटी में किसानों और बागबानों को पेश आ रही परेशानियों से अवगत करवाया। जिप अध्यक्ष से सैंज में सब्जी मंडी खोलने की मांग प्रमुखता से रखी। कृषि मंत्री ने इस मांग को जल्द पूरा करने का अश्वासन दिया है। बडे पैमाने पर फल और सब्जी का उत्पादन करने वाली सैंज घाटी में सब्जी मंडी खोलने की मांग चल रही है। घाटी में पन बिजली परियोजनाओं का काम सिमटने के बाद अधिकतर लोगों का रुझाान खेती की तरफ  बढ़ा है। जिप अध्यक्ष ने कहा कि घाटी के लोग लंबे समय से इस मांग का उठा रहे है। कृषि मंत्री से मिलकर सैंज में सब्जी मंडी खोलने की मांग रखी गई है। उन्होंने कहा कि लोगों को चालिस किमी दूर टकोली स्थित सब्जी मंडी में अपना उत्पाद बेचना पड रहा है। लारजी सब्जी मंडी कई सालों से बंद पडी है। इसके बंद होने के बाद घाटी के लोगों के पास एकमात्र विकल्प टकोली सब्जी मंडी ही है। बता दें कि सैंज घाटी के लोग बडे पैमाने पर टमाटर, मटर, बंदगोभी और फ्रांसबीन का उत्पादन कर अपनी आर्थिकी को सदृढ करने लगे हैं। इसके अलावा घाटी में सेब उत्पान क्षेत्र में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। अग्रिम किस्म के सेब के पौधे लगाने के बाद यहां रोजाना दर्जनों जीपें टकोली सहित विभिन्न सब्जी मंडियों में जा रही है। घाटी के लोगों ने खेतीबाड़ी के क्षेत्र में उन्नति कर मिसाल पेश की है। सब्जी मंडी के दूर होने से किसानों पर किराए का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। उत्पादकों को सब्जी मंडी की सुविधा न मिल पाने से बाहर मंडियों में जाना पड़ रहा है। इससे उत्पाद की लागत बढ़ रही है और उचित दाम भी नहीं मिल पा रहे है। रोहिणी चौधरी ने कहा कि सैंज में सब्जी मंडी खोलने की आवश्यकता है। कृषि मंत्री के समक्ष इस मांग को प्रमुखता से उठाया गया है। कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हित में काम कर रही है। कई जगहों पर छोटी सब्जी मंडियां स्थपित करने की योजना चल रही है। इस मौके पर उनके साथ जिला भाजपा उपाध्यक्ष ओम प्रकाश ठाकुर और जिला भाजपा आईटी विभाग के संयोजक नरेंद्र ठाकुर भी उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App