झगड़े के बाद काटी बीवी की नाक 

पाकिस्तान के पंजाब सूबे की राजधानी लाहौर में एक शख्स ने अपनी पत्नी से झगड़े के दौरान गुस्से में आकर उसकी नाक काट दी और उसके बालों को भी नहीं बख्शा। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी पति मौके से फरार हो गया। दिल दहला देने वाली यह वारदात लाहौर शहर की है। स्थानीय पुलिस ने इस बात की जानकारी वहां की मीडिया को दी। आरोपी की पहचान साजिद के रूप में हुई है। वारदात के बाद से ही वह फरार बताया जा रहा है। लाहौर पुलिस उसकी तलाश में छापामारी कर रही है।  परिजनों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच अकसर लड़ाई झगड़ा होता था और इसी के चलते महिला पहले भी दो बार घर छोड़कर जा चुकी थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।