टूरिज्म में नाम कमाएं स्टूडेंट्स

By: Sep 24th, 2019 12:20 am

प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर के पर्यटन विभाग ने लगाया सेमिनार

हमीरपुर -हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर के पर्यटन विभाग ने एकदिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यातिथि प्रो. बलदेव ने किया। सेमिनार के मुख्य वक्ता प्रो. दीपक राज गुप्ता रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्लन से किया गया। इसके बाद कविता ने वंदे मातरम् की प्रस्तुति दी। डीन अकादमिक प्रो. कुलभूषण चंदेल ने अतिथियों का स्वागत किया। उसके पश्चात कुलपति प्रो. एसपी बंसल ने अध्यक्षीय भाषण उपस्थित श्रोताओं के सामने रखा। उन्होंने कहा कि यूएनडब्ल्यूटीओ ने इस बार बहुत उपयोगी विषय को अपना थीम बनाया है जो कि टूरिज्म एंड जॉब्स है और इस बार भारत को इस के मुख्य कार्यक्रम की मेजबानी करने का फैसला लिया है। यह पूरे भारत के लिए गर्व की बात है। इसके उपरांत कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रो. दीपक राज गुप्ता ने अपने विचार रखे। उन्होंने नए उद्यमियों के बारे में चर्चा की। इसके बाद कार्यक्रम के मुख्याातिथि प्रो. बलदेव ने छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा की आज पर्यटन जो शब्द हम उपयोग में लाते है ये नया नहीं है। पौराणिक समय में इसे देशाटन कहा जाता था और आज पूरा विश्व भारत की ओर देख रहा है, जिसमें उसके पर्यटन का स्थान सबसे पहले आता है। विभाग के छात्रों को उन्होंने संदेश दिया कि आप आगे बढ़ते रहें और अपने विश्वविद्यालय का नाम रोशन करते रहें। उन्होंने पर्यटन विभाग के छात्रों और शिक्षकों को इस सफल आयोजन पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि इसी तरह से आगे बढ़ते रहे। सेमिनार के दूसरे सत्र में जम्मू केंद्रीय विश्वविद्यालय से आए डा. अमित गंगोटिया ने बहुत सुंदर और सरल शब्दों में छात्रों के साथ संवाद स्थापित किया। केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला से आए डा. सुमन शर्मा और आशीष नाग ने भी छात्रों को संबोधित किया। होटल प्रबंधन एवं खान-पान संस्थान से आये पुनीत बंटा ने भी छात्रों को संबोधित किया। ग्लोबल होलिडेस एवं प्लूटो टूर्स से आए उद्यमियों ने भी अपनी सफल कहानी छात्रों के साथ साझा की। अंत में डा. हरीश गौतम ने सभी अतिथियों का विश्वविद्यालय के इस सेमिनार में आने पर स्वागत किया।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App