तेल में नरमी से शेयर बाजार ने की वापसी

मुंबई – अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को रौनक लौट आई और बीएसई का सेंसेक्स 82.79 अंक यानी 0.23 प्रतिशत चढ़कर 36563.88 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 23.05 अंक यानी 0.21 प्रतिशत की बढ़त में 10840.65 अंक पर बंद हुआ। सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी सऊदी अरामको के दो संयंत्रों पर हमलों के बाद तेल उत्पादन में 57 लाख बैरल की गिरावट आ गई है। सऊदी सरकार के आपूर्ति जल्द बहाल करने के आश्वासन के बाद बुधवार को विदेशी तथा घरेलू शेयर बाजारों में तेजी लौट आई। बीएसई में धातु तथा तेल एवं गैस समूहों में सबसे ज्यादा तेजी देखी गई। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर करीब 0.75  प्रतिशत चढ़ गए।