दिमाग की क्षमता बढ़ाने वाले फूड्स

By: Sep 7th, 2019 12:15 am

आमतौर पर माना जाता है कि याददाश्त तेज करने और मस्तिष्क की क्षमता बढ़ाने के लिए ओमेगा-3 एसिड अच्छा है।  ये बात सच है कि मस्तिष्क के लिए ओमेगा-3 फैटी एसिड वाले आहार अच्छे होते हैं, मगर अकसर लोग ये भूल जाते हैं कि एक और तत्त्व मस्तिष्क के लिए बहुत जरूरी है और वो है विटामिन ई। आमतौर पर लोग यही मानते हैं कि विटामिन ई सिर्फ  त्वचा और बालों के लिए ही अच्छा होता है। मगर विटामिन ई वाले आहारों के सेवन से आपके मस्तिष्क की क्षमता बढ़ती है। डाक्टर्स के अनुसार लगभग 96 प्रतिशत लोगों में विटामिन ई की कमी है, जबकि एक व्यक्ति के लिए रोजाना 15 मिलीग्राम विटामिन ई का सेवन बहुत जरूरी है। आइए आपको बताते हैं विटामिन ई वाले आहार, जो आपके मस्तिष्क की क्षमता को बढ़ा सकते हैं।

ब्रोकली

सबसे पौष्टिक सब्जियों में ब्रोकली की गिनती सबसे पहले की जाती है। इसका कारण है कि ब्रोकली में ढेर सारे विटामिन्स, मिनरल्ज और एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जबकि इसमें कैलोरीज बहुत कम होती हैं। ब्रोकली में विटामिन ई भी अच्छी मात्रा में होता है इसलिए इसका सेवन आपके दिमाग के लिए अच्छा होता है। एक कप ब्रोकली में 1.6 मिलीग्राम विटामिन ई होता है, जो आपकी दैनिक जरूरत का 6 प्रतिशत है। इसके अलावा ब्रेकली में ढेर सारा फाइबर होता है, इसलिए आप अपने सलाद, पास्ता, सब्जी आदि में ब्रोकली का इस्तेमाल करके स्वस्थ रह सकते हैं।

पालक

पालक में विटामिन ई के साथ-साथ आयरन भी अच्छी मात्रा में होता है। इसलिए इसके सेवन से मस्तिष्क की क्षमता बढ़ती है और शरीर में खून भी बढ़ता है। एक कप पालक खाने से आपको अपनी दैनिक जरूरत का 3 प्रतिशत विटामिन ई मिलता है, लेकिन पालक में ढेर सारे दूसरे पोषक तत्त्व और एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो आपके मस्तिष्क को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं।

नट्स

नट्स जैसे बादाम, अखरोट, काजू, हेजलनट्स आदि भी विटामिन ई से भरपूर होते हैं। नट्स में भी हेल्दी फैट होता है, जो सेहत के लिए अच्छा होता है। अगर आप अपने शरीर में विटामिन ई की कमी पूरी करना चाहते हैं, तो आपको नट्स का सेवन करना चाहिए। स्नैक्स टाइम पर आप रोजाना 1 मुट्ठी नट्स खा सकते हैं। ये आपके लिए फायदेमंद साबित होंगे।

एवोकाडो

एवोकाडो एक सेहतमंद फल होता है। इसमें ढेर सारे एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं। एवोकाडो में विटामिन ई की मात्रा अच्छी होती है इसलिए इसे खाना आपके मस्तिष्क, त्वचा और बालों के लिए अच्छा है। एवोकाडो में हेल्दी फैट होता है। 1 कप कटे हुए एवोकाडो खाने से आपको अपनी दैनिक जरूरत का लगभग 21 प्रतिशत विटामिन ई मिल जाता है। इसलिए दुनियाभर में हैल्थ कॉन्शियस लोग एवोकाडो को अपना पसंदीदा फ्रूट मानते हैं।

सूरजमुखी के बीज

सूरजमुखी के बीज यानी सनफ्लावर सीड्स में भी विटामिन ई अच्छी मात्रा में होता है। 1/4 कप सनफ्लावर सीड्स में 7.4 मिलीग्राम विटामिन ई होता है,जो आपकी दैनिक जरूरत का लगभग 37 प्रतिशत है। सूरजमुखी के बीजों के अलावा आप इसका तेल भी इस्तेमाल कर सकते हैं। सनफ्लावर ऑयल में भी विटामिन ई की मात्रा अच्छी होती है।

ऑलिव ऑयल

ऑलिव ऑयल सबसे सेहतमंद कुकिंग ऑयल्स में से एक है। इसमें भी विटामिन ई काफी मात्रा में होता है। इसलिए खाना बनाने, सलाद बनाने आदि में आप ऑलिव ऑयल का प्रयोग करेंगे, तो आपको इसका लाभ मिलेगा। ऑलिव ऑयल को दिमाग के साथ-साथ दिल के लिए भी बहुत अच्छा माना जाता है। 1 सर्विंग ऑलिव ऑयल से आपको डेली वैल्यू का 13 प्रतिशत विटामिन ई मिल जाता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App