दिल्ली पहुंचीं सैन्य क्षेत्रों के लोगों की दिक्कतें

By: Sep 21st, 2019 12:20 am

मंत्री राजीव सहजल ने केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री से मिल रखा पक्ष

सुबाथू -सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डा. राजीव सहजल ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्रीपद नाइक से भेंट की तथा उन्हंे प्रदेश में स्थापित विभिन्न सैन्य क्षेत्रों एवं इनके आसपास रह रहे आम नागरिकों की समस्याआंे से अवगत करवाया। डा. सहजल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को वीरभूमि के नाम से जाना जाता है और प्रदेश के युवाओं ने सदैव भारतीय सेना तथा अर्द्धसैनिक बलों में कार्य को तरजीह दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सेवारत सैनिकों के साथ-साथ बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक भी हैं। प्रदेश की भौगोलिक स्थिति के अनुरूप यहां अनेक सैन्य क्षेत्र स्थापित किए गए हैं। इन सैन्य क्षेत्रों में एवं इनके आसपास बड़ी संख्या में आम नागरिक भी निवास करते हैं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री को अवगत करवाया कि सोलन जिला के सुबाथू सैन्य क्षेत्र में विभिन्न कारणों से आम नागरिकों को अनेक समस्याएं झेलनी पड़ रही हैं। उन्होंने केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री से आग्रह किया कि सुबाथू सैन्य क्षेत्र की वर्तमान स्थिति को देखते हुए केंद्र सरकार तुरंत हस्तक्षेप करे और लोगों को राहत प्रदान करने के निर्देश दें। उन्होंने सुबाथू सैन्य क्षेत्र में वर्तमान में भवनों को गिराए जाने के कारण उत्पन्न स्थिति में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री को वस्तुस्थिति से अवगत करवाया। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्रीपद नाइक ने डा. सहजल को विश्वास दिलाया कि केंद्र सरकार आमजन की समस्याओं को सुलझाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस विषय में उच्च स्तर पर सर्वमान्य निर्णय लिया जाएगा।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App