दिल्ली में कल भाजपा का उपचुनाव पर मंथन

By: Sep 18th, 2019 12:03 am

शिमला – 19 सितंबर को दिल्ली में भाजपा की आगामी रणनीति बनेगी, जिसमें हिमाचल के दो विधानसभा सहित देश के अन्य राज्यों में होने वाले उपचुनावों पर चर्चा की जाएगी। खास कर हिमाचल को लेकर धर्मशाला और पच्छाद में होने वाले उपउचुनाव के लिए जिम्मेदारियां भी तय की जा सकती है। भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली में गुरुवार को उपचुनाव सहित संगठनात्मक मसलों पर मंथन होना है। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में जिन राज्यों में उपचुनाव होने हैं, उनके प्रदेश अध्यक्षों और मुख्यमंत्रियों को बुलाया गया है। हालांकि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी इस बैठक में शामिल होंगे, लेकिन अभी कार्यक्रम तय नहीं हुआ है, जबकि प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती और संगठन मंत्री पवन राणा बुधवार को दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उप-चुनाव के लिए तिथि घोषित होते ही प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगेगी। इससे पहले दिल्ली में ही टिकटों पर मंथन होगा, वहीं दूसरी तरफ भाजपा 19 सितंबर को ही शिमला में राष्ट्रीय एकता अभियान पर कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। शिमला में होने वाले इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। प्रदेश भाजपा महामंत्री एवं राष्ट्रीय एकता अभियान के प्रदेश संयोजक चंद्रमोहन ठाकुर ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी समूचे राष्ट्र में राष्ट्रीय एकता अभियान चला रही है। यह अभियान पहली सितंबर से शुरू होकर 30 सितंबर तक चलेगा। इस अभियान को दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में संपर्क अभियान के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश के चारों लोकसभा क्षेत्रों के अतिविशिष्ठ व्यक्तियों से संपर्क किया जाएगा। साथ ही हिमाचल प्रदेश के 68 विधानसभा क्षेत्रों में जन जागरण सभाएं की जाएगी, जबकि 29 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के बाद प्रत्येक बूथ पर यह महाभियान चलाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम 19 सितंबर को होटल पीटरहॉफ शिमला में निर्धारित किया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App