दो साल में भी नहीं भरा सचिव का पद

By: Sep 23rd, 2019 12:20 am

भोटा-विधानसभा क्षेत्र बड़सर की एकमात्र नगर पंचायत में दो साल से सचिव का पद रिक्त चल रहा है। अप्रैल 2017 से कोई भी सचिव नियमित तौर पर नहीं है। इस कारण भोटा के स्थानीय लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। कभी इस नगर पंचायत का अस्थायी तौर पर चार्ज हमीरपुर, सुजानपुर ईओ को दिया जाता है। आजकल नादौन नगर पंचायत के सचिव के पास इसका चार्ज है। स्थायी तौर पर नगर पंचायत सचिव के न बैठने से बिल एव अन्य कार्य करवाने के लिए लोगों को चक्कर काटने पड़ रहे हैं। भोटा शहरी इकाई भाजपा के अध्यक्ष विनोद कतना, मनोनीत पार्षद चंद्रशेखर, अश्वनी ने भोटा नगर पंचायत में सचिव पद पर स्थायी नियुक्ति करने की सरकार से मांग की है। वहीं, देखा जाए तो भोटा नगर पंचायत प्रदेश की सबसे छोटी नगर पंचायत है। भोटा नगर पचांयत में लोगों की संख्या भी कम है। कई पंचायतों में लोगों की संख्या नगर पंचायत भोटा के मुकाबले ज्यादा है। कुछ वर्ष पहले भोटा के स्थानीय  लोगों ने नगर पंचायत को पंचायत में तबदील करने के लिए न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया था। सरकार ने लोगों की इस मांग को ठुकरा दिया। भोटा नगर पंचायत में सुविधाओं की बात की जाए तो नाममात्र ही हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App