धर्मशाला जेल का नाम अब ‘लाला लाजपत राय’

By: Sep 9th, 2019 12:05 am

मुख्यमंत्री ने किया प्रतिमा का अनावरण; प्रशासनिक भवन का भी उद्घाटन, अरसे से चली आ रही मांग हुई पूरी

धर्मशाला -स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय के नाम पर धर्मशाला कारागार कर नाम होगा। अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आजादी का नारा बुलंद करने वाले लाला लाजपत राय को जिला कारागर में बंदी बनाकर रखा गया था। लालाजी आजादी की लड़ाई लड़ते हुए नौ माह तक धर्मशाला कारागार में बंदी के रूप में रहे थे। उन्होंने धर्मशाला जेल में 21 अप्रैल, 1922 से नौ जनवरी, 1923 तक के दिन काटे थे। अब उनकी याद में जिला कारागार का नाम लाला लाजपत राय जिला एवं मुक्त सुधार गृह धर्मशाला कांगड़ा रखा गया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व कांगड़ा-चंबा सांसद किशन कपूर ने विधिवत रूप से जेल का नामकरण लाला के नाम से किया। साथ ही उन्होंने लाजपत जेल के नए प्रशासनिक भवन का भी उद्घाटन किया। इस दौरान लंबे समय से चली आ रही मांग के तहत जेल परिसर में लाला लाजपत राय की प्रतिमा का अनावरण भी किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री, कांगड़ा-चंबा सांसद किशन कपूर सहित डीजीपी सोमेश गोयल, उपायुक्त कांगड़ा राकेश प्रजापति, एसपी कांगड़ा विमुक्त रंजन सहित अन्य अधिकारियों ने लाला लाजपत राय की प्रतिमा पर मार्ल्यापण किया, साथ ही उन्हें श्रद्धाजंलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि ब्रिटिश हुकूमत से लोहा लेते हुए लाला लाजपत राय ने जेल में बंदी रहे थे। उनके नाम से जेल का नाम करने की मांग लंबे समय से उठती रही है। ऐसे में आजादी के लिए योगदान देने वाले सेनानी के नाम से जेल का नामकरण किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सही मायनों में लाला जी को श्रद्धाजंलि अर्पित की गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App