धार्मिक पर्यटन के रूप में उभरेगा मार्कंडेय

बिलासपुर में लोगों की समस्याएं सुनने के बाद बोले विधायक सुभाष ठाकुर

बिलासपुर –प्रदेश सरकार लोगों को मूलभूत सुविधा प्रदान करने के लिए प्रयासरत है। ग्रामीण स्तर तक लोगों को सभी सुविधाएं मिलें, इसके लिए प्रदेश सरकार वचनबद्ध है। यह बात विधायक सुभाष ठाकुर ने अपने कार्यालय में लोगों की समस्याओं को सुनने के उपरांत कही। उन्होंने ग्राम पंचायत मार्कंड के ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया है। उन्होंने बताया कि मार्कंड से शिमला वाया नेरी-मलोखर बस सेवा शुरू कर दी गई है। इससे पहले संबंधित पंचायतों के लोगों को पैदल सफर तय करके मुख्य सड़क तक आना पड़ता था तथा बस सेवा के आरंभ होने से अब उन्हें मुश्किलों का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके साथ ही इस बस सेवा के आरंभ होने से ऋषि मार्कंडेय की तपोस्थली में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी होगी और यह स्थान धार्मिक पर्यटन के केंद्र के रूप मंे भी उभरेगा। इस अवसर पर ग्रामीणों ने इस बस सेवा को आरंभ करने के लिए विधायक सुभाष ठाकुर का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर बीडीसी सदस्य कमलेश शर्मा, युवक मंडल माकड़ी-मार्कंड के प्रधान पुरुषोत्तम कुमार, महेंद्र कुमार सुनील ठाकुर, रूप सिंह, जितेंद्र कुमार, देशराज, विनोद व सुरेश सहित अन्य मौजूद रहे।