धोनी को कोहली का स्पेशल सेल्यूट

By: Sep 13th, 2019 12:06 am

नई दिल्ली – भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के साथ ट््वेंटी-20 विश्वकप 2016 के मैच की अपनी पारी को बेहद खास बताते हुए उसे याद किया है। भारत ने धोनी की कप्तानी में आईसीसी टी-20 विश्वकप 2007 के पहले संस्करण का खिताब जीता था, लेकिन वर्ष 2016 में वह धोनी की ही कप्तानी में कोलकाता में खेले गए फाइनल में पहुंचा, लेकिन वेस्टइंडीज़ के हाथों उसे शिकस्त झेलनी पड़ी। मौजूदा कप्तान विराट ने विश्वकप के आखिरी ग्रुप मैच की यादें ताजा करते हुए ट््विटर पर लिखा, यह मैच मैं कभी नहीं भूल सकता। उस खास रात को..इस शख्स ने मुझे ऐसे भगाया, जैसे कि मेरा फिटनेस टेस्ट हो। भारत ने वर्ष 2016 में हुए ट्वेंटी-20 विश्वकप में अपने आखिरी ग्रुप मैच में आस्ट्रेलिया को छह विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। वहीं, इस बीच सोशल मीडिया में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास लेने की अटकलें एक बार फिर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। क्रिकेट फैंस की ओर से ऐसे ट्वीट्स किए जा रहे हैं कि धोनी गृहनगर रांची में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर सकते हैं। कप्तान कोहली के अपने ट्विटर और फेसबुक अकाउंट से एक मैच की यादों को ताजा करते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर धोनी के संन्यास लेने की अटकलों की बाढ़ आ गई है। हालांकि, इस बारे में अभी कोई भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

माही के रिटायरमेंट पर कोई अपडेट नहीं

नई दिल्ली – टीम इंडिया के चीफ सिलेक्टर एमएसके प्रसाद ने उन खबरों को गलत बताया है, जिसमें कहा जा रहा था कि एमएस धोनी संन्यास ले रहे हैं। प्रसाद जब साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम की घोषणा कर रहे थे, तो उनसे धोनी पर सवाल किया गया। उन्होंने इस दौरान कहा, एमएस धोनी के रिटायरमेंट पर कोई अपडेट नहीं है। मीडिया में आ रही खबरें गलत हैं। दरअसल, भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने गुरुवार को एक फोटो ट्वीट किया है, जिसमें उनके साथ महेंद्र सिंह धोनी भी हैं। हालांकि, विराट के इस ट्वीट की टाइमिंग थोड़ी हैरान कर रही है। इस ट्वीट के बाद धोनी के रिटायरमेंट की अटकलें लगने लगी हैं। बता दें कि धोनी टेस्ट क्रिकेट से पहले ही संन्यास की घोषणा कर चुके हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App