नहीं रहे भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष पंडित जयकिशन शर्मा, हरोली में खामोशी

आज पैतृक गांव में अंतिम संस्कार, राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर

ऊना – हिमाचल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष व हरोली के पूर्व विधायक पंडित जयकिशन शर्मा का मंगलवार सुबह निधन हो गया। वह 76 वर्ष के थे। वह अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां व एक बेटा छोड़ गए हैं।  पंडित जय किशन शर्मा वर्ष 2008 में एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद पिछले 11 वर्ष से चलने-फिरने में असमर्थ थे। बीते शुक्रवार को घर में बिस्तर से गिरने के बाद उन्हें गंभीर चोट लग गई थी। इलाज के लिए जालंधर ले जाते समय मंगलवार को उन्होंने प्राण त्याग दिए। उनका अंतिम संस्कार बुधवार सुबह 10 बजे पैतृक गांव हरोली में होगा। पंडित जय किशन शर्मा 1998 से 2003 तक संतोषगढ़ (हरोली) विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे हैं, वहीं 2000 में वह प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बने। मूलतः दुलैहड़ गांव में जन्में पंडित जय किशन शर्मा की प्रारंभिक शिक्षा अपने ननिहाल पंजाब के जालंधर में हुई। बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़े रहे व आरएसएस के प्रचारक के रूप में आतंकवाद से ग्रस्त पंजाब के गुरदासपुर जिला में वह छह वर्ष तक जिला प्रचारक रहे।  राष्ट्र भक्ति व देशसेवा से ओतप्रोत पंडित ने फतेहगढ़ चुडि़यां में जरूरतमंद बच्चों के लिए स्कूल खोला, वहीं 1973 में उनकी शादी आरती शर्मा से हुई। इसके बाद उन्होंने हरोली कस्बे में स्कूल शुरू किया व सामाजिक कार्यों में लगातार जुटे रहे। इसके बाद उनका पदार्पण वर्ष 1998 में सक्रिय राजनीति में हुआ और भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़कर विधायक बने। उनके निधन से समूचे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

सीएम जयराम सहित प्रदेश भाजपा गमगीन

शिमला— पूर्व विधायक एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जयकिशन शर्मा के निधन से भाजपा में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष  जगत प्रकाश नड्डा, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, शांता कुमार, केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती, महामंत्री पवन राणा, सांसद किशन कपूर, सुरेश कश्यप, रामस्वरूप शर्मा, सभी मंत्री व विधायकों, मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा, प्रवीण शर्मा, गणेश दत्त, राजीव भारद्वाज, रूपा शर्मा, सुखराम चौधरी, विजय अग्निहोत्री, प्रदेश महामंत्री कृपाल परमार, चंद्रमोहन ठाकुर, राम सिंह, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा, पूर्व सांसद बिमला कश्यप, प्रवक्ता अजय राणा, रितु सेठी, बलदेव तोमर, शशि दत्त शर्मा, राम कुमार, प्रदेश सचिव त्रिलोक जम्बाल, कमलेश कुमारी, रतन सिंह पाल, विजय पाल सोहारू, विनोद कुमार, प्रदेश कोषाध्यक्ष कपिल देव सूद, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा, सह मीडिया प्रमुख नरेंद्र अत्री, हरिओम भनोट, रवि मैहता, राकेश शर्मा, मेयर कुसुम सदरेट व डिप्टी मेयर राकेश शर्मा ने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक जय कृष्ण शर्मा के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। जय कृष्ण शर्मा वर्ष 2000-2003 तक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रहे। भाजपा नेताओं ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की है।

पंडित जी में रहा देशभक्ति का जुनून

हरोली— हिमाचल प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं हरोली के पूर्व विधायक पंडित जयकिशन शर्मा के निधन पर नेता प्रतिपक्ष व विधायक मुकेश अग्निहोत्री ने शोक व्यक्त किया है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पंडित जी कुछ समय पहले एक सड़क हादसे में घायल हुए थे। देशभक्ति का जुनून उनमें हमेशा देखा गया। हमने पहला चुनाव आमने-सामने लड़ा, लेकिन उनसे बेहतरीन सामाजिक रिश्ते रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंडित जयकिशन का समय-समय पर उन्हें मार्गदर्शन मिलता रहा है, जो कि क्षेत्र के विकास में सहयोगी था। उन्होंने कहा कि हरोली-रामपुर पुल, मिनी सचिवालय, हरोली सिविल अस्पताल या हरोली कालेज के फैसलों पर उन्होंने हमेशा आशीर्वाद दिया है और कभी फोन करने से भी नहीं चूके।