नाडा साहिब के लिए नगर कीर्तन रवाना

By: Sep 15th, 2019 12:22 am

पांवटा साहिब – सिख पंथ की स्थापना करने वाले सिखों के पहले गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को लेकर देश-दुनिया में हर्ष का माहौल है। खासकर धार्मिक व ऐतिहासिक नगर पांवटा साहिब प्रकाश पर्व को लेकर काफी उत्साहित है। इस वर्ष गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को लेकर पांवटा साहिब में भी विशेष तैयारियां की जा रही हैं। शनिवार को गुरु नानक देव जी को समर्पित नगर-कीर्तन गुरुद्वारा पांवटा साहिब से गुरुद्वारा श्री नाडा साहिब पंचकूला के लिए रवाना हुआ। पंज प्यारों की अगवाई में पांवटा शहर से नगर कीर्तन रवाना हुआ। एकता व आपसी भाईचारे का संदेश देते हुए नगर कीर्तन जिला मुख्यालय नाहन स्थित गुरुद्वारा श्री दशमेश से कालाअंब, नारायणगढ़, रायपुररानी, बरवाला, रामगढ़ होते हुए पंचकूला के नाडा साहिब पहुंचेगा। नगर कीर्तन का जगह-जगह पर भव्य स्वागत किया जाएगा। इस कीर्तन का एक मानवता भरा उद्देश्य यह भी है कि इस दौरान संगत के चढ़ावे से जो राशि एकत्रित होगी उससे पंजाब में बाढ़ पीडि़तों की मदद की जाएगी। काबिले गौर है कि गुरु नानक देव महाराज महान युग पुरुष थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज में व्याप्त बुराइयों को दूर करने में समर्पित कर दिया। जात-पात ऊंच-नीच को संसार से मिटाने के लिए उन्होंने अपना जीवन समर्पित किया। यहां के मिश्रवाला में नगर कीर्तन का मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भव्य स्वागत किया। आपसी सद्भावना को प्रदर्शित करते हुए मुस्लिम समुदाय के लोगों ने इस दौरान संगत को लड्डू भी बांटे, जिसके बाद कीर्तन नाहन की ओर रवाना हुआ।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App