पक्षकार बताएं, कितना समय चाहिए

By: Sep 18th, 2019 12:02 am

नई दिल्ली – अयोध्या विवाद पर मंगलवार को 25वें दिन की सुनवाई के दौरान उच्चतम न्यायालय ने सभी पक्षकारों के वकीलों को यह बताने को कहा कि वे अपनी दलीलें पूरी करने में कितना समय लेंगे। मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय संविधान पीठ ने सुनवाई के दौरान सभी पक्षकारों के वकीलों से पूछा कि उन्हें अपनी दलीलें पूरी करने के लिए कितना वक्त चाहिए। संविधान पीठ में न्यायमूर्ति गोगोई के अलावा न्यायमूर्ति एसए बोबडे, न्यायमूर्ति डीवाई चंद्रचूड़, न्यायमूर्ति अशोक भूषण और न्यायमूर्ति एस अब्दुल नज़ीर शामिल हैं। दरअसल सुन्नी वक्फ बोर्ड के वकील राजीव धवन ने कहा कि वह शुक्रवार को बहस से छुट्टी लेंगे, लेकिन न्यायमूर्ति गोगोई ने कहा कि क्या यह संभव है कि शुक्रवार को कोई अन्य पक्ष बहस कर ले, ताकि समय का सदुपयोग हो जाए। इस पर श्री धवन ने कहा कि वह नहीं चाहते कि बहस की उनकी निरंतरता खराब हो। उन्होंने कहा कि हम भी चाहते हैं कि फैसला जल्दी आए, लेकिन हम बहस की निरंतरता भंग नहीं होने देना चाहेंगे।

मुस्लिम पक्ष ने भगवान राम को बताया ‘इमाम-ए-हिंद’

है राम के वजूद पे हिन्दोस्तां को नाज़, अहल-ए-नज़र समझते हैं उस को इमाम-ए-हिंद। अयोध्या विवाद की मंगलवार को 25वें दिन की सुनवाई के दौरान मुस्लिम पक्षकार के वकील राजीव धवन ने अल्लामा इकबाल की यह शायरी पेश की। श्री धवन ने कहा कि भगवान राम की पवित्रता पर कोई विवाद नहीं है। इसमें भी विवाद नहीं है कि भगवान राम का जन्म अयोध्या में कहीं हुआ था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App