पहली बार कालेजों में लड़कों से ज्यादा लड़कियां

By: Sep 23rd, 2019 12:05 am

लड़के और लड़कियों की पढ़ाई से जुड़ी लोगों की सोच में बदलाव देखने को मिल रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि उच्च शिक्षा के लिए दाखिला लेने वाले लड़के और लड़कियों को संख्या में जो गैप रहता था, वह लगातार कम हो रहा है। इसी का नतीजा है कि पहली बार दो राज्यों में लड़कियां उच्च शिक्षा के लिए दाखिला लेने में लड़कों से आगे निकल गई हैं। ऐसा कर दिखाने वाले दो राज्य उत्तर प्रदेश और कर्नाटक हैं। दोनों में 18-23 की उम्र में उच्च शिक्षा के लिए दाखिला लेने वाले लड़कों की संख्या लड़कियों से कम पाई गई है। यह बात ऑल इंडिया सर्वे ऑन हायर एजुकेशन में सामने आई है। इसे मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा करवाया जाता है। यूपी की बात करें तो परिवर्तन पिछले एक साल में देखने को मिला है। पिछले साल यूपी की कालेज या यूनिवर्सिटी में लड़कों की संख्या लड़कियों के मुकाबले 1.61 लाख ज्यादा थी, लेकिन अब यहां 90 हजार ज्यादा लड़कियां हैं। कर्नाटक राज्य में यह नंबर बहुत ज्यादा बड़ा नहीं, लेकिन ज्यादा है। वहां हायर एजुकेशन में लड़कों के मुकाबले 1600 लड़कियां ज्यादा हैं। सर्वे में देखने को मिला है कि हायर एजुकेशन में दाखिले लेने वाले लोगों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। 2017-18 में यह 25.8 था, जो 2018-19 में 26.3 हो गया है। इस दौरान यूनिवर्सिटीज की संख्या में भी इजाफा हुआ है। यह 903 (2017-18) से बढ़कर 993 (2018-19) हो गई हैं। हायर एजुकेशन देनेवाले संस्थानों की संख्या भी इस दौरान 49964 से बढ़कर 51649 हो गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App