प्याज ने निकाले आंसू, टमाटर भी लाल

By: Sep 21st, 2019 12:20 am

रसोई से गायब होने लगी प्याज टमाटर के तड़के की महक, दो दिन में बीस रुपए बढ़ कर चालीस से साठ रुपए हुए रसोई के शहंशाहों के दाम

नेरवा –गृहिणियों की रसोई में राज करने वाले प्याज और टमाटर के दाम में भारी उछाल आने से गृहिणियों की परेशानी बढ़ गई है। रसोई की शान और पहली जरूरत मानी जाने वाली इन दोनों चीजों के दाम आसमान पर पहुंचने से आम आदमी का बजट बुरी तरह गड़बड़ा गया है। क्षेत्र में टमाटर सीजन खत्म  होने के चलते बाजार में बाहरी मंडियों से नासिक का टमाटर आ रहा है। लोकल टमाटर की फसल के समाप्त होने से टमाटर के दामों में एकाएक उछाल आ गया है। दो दिन पहले तक चालीस रुपए किलो बिकने वाले टमाटर के दाम बढ़ कर साठ रुपए तक पहंुच गए हैं। टमाटर का जो क्रेट दो दिन पहले तक तीन सौ और चार सौ रुपए तक आ रहा था, उसकी कीमत अब आठ सौ रुपए तक पहुंच गई है। यही हाल रसोई का दूसरा शहंशाह कहलाने वाले प्याज के भी हैं। बुधवार तक नेरवा में प्याज चालीस रुपए किलो बिक रहा था, परंतु गुरुवार को सुबह इंदौर के प्याज की नई सप्लाई आने पर इसके दाम एकदम चालीस से बढ़ कर पचास रुपए हो गए,जबकि शुक्रवार को एक और उछाल के साथ यह साठ रुपए तक पंहुच गए। हालांकि पिछले एक माह से इसके दाम 40 रुपए प्रतिकिलो पर स्थिर थे। गुरुवार को व्यापारी दिन भर मंडियों में फोन लगा कर प्याज के दाम पता करते रहे। थोक मंडियों में भी प्याज के दाम पचास रुपए तक पहुंच गए हंै। हालांकि इन दिनों श्राद्ध लगे हुए हैं। इसके चलते कई लोग प्याज का परहेज कर रहे हंै, परंतु इसके बावजूद बाजार में इसकी काफी मांग है। प्याज के दामों में हुई भारी बढ़ोतरी के लिए बीते दिनों हुई बरसात को माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि अगस्त माह में हुई भारी बारिश से महाराष्ट्र और अन्य प्याज उत्पादक राज्यों में प्याज की फसल नष्ट हो गई थी। इस वजह से इसके दाम में इतनी भारी वृद्धि हुई है। बहरहाल प्याज और टमाटर के दामों में आए इस अप्रत्याशित उछाल ने न केवल आम आदमी का बजट गड़बड़ा कर रख दिया है, अपितु कई रसोई घरों से तो इन दोनों चीजों के तड़के की महक ही गायब हो चुकी है। उधर, व्यापारिक सूत्रों की माने तो दीपावली तक लोगों को राहत मिलने की उम्मीद कम ही है। यानी दीपावली तक प्याज के दामों में गिरावट के आसार बहुत ही कम नजर आ रहे हैं।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App