फत्तेवाल में चली तलवारें

पुरानी रंजिश से दो गुटों में खूनी झड़प, जमकर मारपीट मंे नौ लोग लहूलुहान

मैहतपुर -ऊना पुलिस थाना के अंतर्गत पड़ते गांव वनगढ़ के उपगांव फत्तेवाल में पुरानी रंजिश के चलते दो गुटों में खूनी झड़प हुई है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर तलवारों व दराट से जानलेवा हमला किए जाने के आरोप लगाए हैं। खूनी वारदात में दोनों पक्षों के नौ लोग लहूलुहान हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवा दिया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी अनुसार किसी पुरानी रंजिश के गुरुवार  रात्रि चलते दोनों पक्षों में आपसी कहासुनी हो गई, जो कि मारपीट में तबदील हो गई। मारपीट इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों ने तेजधार हथियारों से एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। इससे दोनों पक्षों के लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। एक पक्ष के शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि दूसरे गुट के लोगों ने उन पर तलवार से वार किए हैं, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। खूनी झड़प में घायल हुए व्यक्तियों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवा दिया गया है। अस्पताल में घायलों को चिकित्सका परीक्षण जारी है। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी विरोधी गुट पर आरोप लगाया है कि उनपर दराट से प्रहार किया है। इससे उनके पक्ष के लोग गंभीर घायल हुए हैं। दोनों पक्षों के घायलों को लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घायलों का चिकित्सका परीक्षण करवाया जा रहा है। दोनों पक्षों के बयान कलमबद्ध किए जा रहे हैं। बयानों के आधार पर दोनों पक्षों की क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एसएचओ दर्शन सिंह ने बताया कि फत्तेवाल में दो पक्षों में लड़ाई-झगड़ा होने की शिकायत मिली थी। इस पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।