बाहरी लोगों के हाथों में नहीं सौंपेंगे प्रदेश

By: Sep 22nd, 2019 12:20 am

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सचिव एवं विधायक आशा कुमारी बोलीं, धारा 118 के साथ छेड़छाड़ नहीं होगी बर्दाश्त

चंबा –अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सचिव एवं विधायक आशा कुमारी ने कहा है कि धारा 118 के साथ छेड़छाड़ का कांग्रेस पुरजोर विरोध करती है। हिमाचल को किसे भी सूरत में बाहरी लोगों के हाथों सौंपने नहीं दिया जाएगा। ईवीएम को लेकर बोलते हुए आशा कुमारी ने कहा कि आज चीफ  इलेक्शन कमीशन को भरोसा दिलाना पड़ रहा है कि ईवीएम खराब नहीं है, जबकि दुनिया के विकसित देश ईवीएम प्रणाली को इस्तेमाल करने के बाद बंद कर चुके हैं। केंद्र सरकार की गलत नीतियों के काण देश की आर्थिक स्थिति की हालत बदतर होती जा रही है। कारपोरेट टैक्स हटाने पर झूठी वाहवाही लूटी जा रही है। देश में बेरोजगारी चरम सीमा पर है। युवा वर्ग रोजगार के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। वह शनिवार को मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में आरंभ चंबा का पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कालेज भाजपा की नाकामी की वजह से अब बंद होने की कगार पर पहुंच गया है। मेडिकल कालेज में स्वीकृत 744 पदों में से केवल 221 पद भरे हुए हैं और शेष 523 रिक्त हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल कालेज चंबा को लेकर विधानसभा सत्र के दौरान उठाए गए प्रश्न के उत्तर में उन्हें यह आंकड़े प्राप्त हुए हैं। मेडिकल कालेज में आउटसोर्स प्रणाली के तहत कुल 149 पद भरे हैं और 374 पद रिक्त चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वीपर के 36 पद स्वीकृत हैं, लेकिन कागजों में सभी रिक्त हैं। ऐसे में प्रश्न यह उठता है कि मेडिकल कालेज में सफाई व्यवस्था किसके भरोसे है। मेडिकल कालेज में प्रोफेसर के 23 पदों में 9 भरे हैं। एसोसिएट प्रोफेसर के 24 पदों में केवल आठ भरे हैं। असिस्टेंट प्रोफेसर के 43 पदों में से 27 भरे हैं। ट्यूटर के 30 पदों में 15 भरे हैं। सीनियर रेजिडेंट्स के 48 पदों में से मात्र 15 भरे हैं और जूनियर मेडिकल आफिसर के 58 पदों में से केवल 10 भरे हैं। इसके अतिरिक्त 17 नर्स डेपुटेशन पर अन्य संस्थानों में सेवाएं दे रही हैं। आशा कुमारी ने सीमेंट कारखाने को लेकर भाजपा पर राजनीति करने का आरोप लगाया। आशा कुमारी ने कहा कि विधानसभा में उठाए गए प्रश्न के जवाब में पता चला है कि किसी भी फर्म ने टेंडर फार्म तक नहीं खरीदा है। प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था का बुरा हाल है। आशा कुमारी  ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में राजनीति के आधार पर पैसों का आबंटन किया जा रहा है। जिला चंबा में करोड़ों का नुकसान होने के बावजूद भी पर्याप्त धन जारी नहीं किया जा रहा है। ऐसे में नुकसान की भरपाई करना असंभव है। भाजपा नए डिवीजन खोलने की बजाय कई वर्षों पूर्व खोले गए डिवीजन स्थानांतरित करने में लगी है, जो कि गलत है। भाजपा प्रतिशोध की भावना से कार्य कर रही है। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष नीरज नैय्यर, पूर्व विधायक भटियात विस क्षेत्र कुलदीप पठानिया व पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी भी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App