मन में उमंग

By: Sep 28th, 2019 12:05 am

श्रीराम शर्मा

लोक सेवा के लिए मन में उमंग और उत्साह उठने के बाद तत्काल उस ओर प्रवृत्त नहीं हुआ जा सकता। इसके लिए अपना दृष्टिकोण बदलना पड़ता है। मान्यताओं में आवश्यक परिवर्तन करना पड़ता है, तब कहीं जाकर सेवा साधना संभव होती है। मनुष्य के पास थोड़ी सी शक्तियां हैं और छोटा सा जीवन है, उसे लौकिक प्रयोजनों में यह निश्चय स्वयं करना पड़ता है। अपने स्वार्थ के लिए हर कोई प्रयत्न करता है। लोक सेवी अपनी शक्तियों का नियोजन जन सेवा के लिए परमार्थ कार्यों के लिए करता है। अतः उसे अपनी जरूरतों और सुविधाओं के लिए दूसरे से भिन्न दृष्टिकोण अपनाना चाहिए और अपना जीवन स्तर और साधनों के उपयोग की रीति-नीति भिन्न रखनी चाहिए। प्रायः दृष्टिकोण न बदलने के कारण ही सेवा धर्म कठिन जान पड़ता है और उसका निर्वाह नहीं हो पाता। जैसे आवश्यकताओं को ही लें, बहुत से व्यक्ति यह सोचते हैं कि संपन्नता और समृद्धि ही जीवन का लक्ष्य है और उसे प्राप्त करने में जो सफल हो गया, वही धन्य है। लोक सेवी का दृष्टिकोण इससे अलग होना चाहिए। उसे साधनों की विपुलता को नहीं, व्यक्तित्व की श्रेष्ठता को बड़प्पन का आधार मानना चाहिए। यदि ऐसा न हो सका, तो लोक सेवी उन्हीं गोरखधंधों में उलझकर रह जाएगा, जिसमें कि दूसरे लोग उलझ जाते है। अपने निर्वाह के लिए लोक सेवी को कम से कम आवश्यकताएं रखने का दृष्टिकोण विकसित करना चाहिए। समझा जाता है कि हम जितनी शान-शौकत और मौज-मजे के विलासिता पूर्ण साधनों का उपयोग करेंगे, उतना ही बड़प्पन मिलेगा। वस्तुतः यह सोचना गलत है। बड़प्पन धन-संपत्ति या शान-शौकत से नहीं, उत्कृष्ट और आदर्श व्यक्तित्व और महान बनाने वाले सद्गुणों से मिलता है। प्राचीनकाल में लोक सेवी परंपरा के अंतर्गत जितने भी संत, ऋषि, विचारक और महापुरुष हुए उन्होंने यही दृष्टिकोण अपनाया। चाणक्य ने भारत को एक राष्ट्र के रूप में संगठित करने के लिए चंद्रगुप्त का मार्गदर्शन किया और हमेशा एक कुटिया में रहे। यदि वह चाहते तो अपने लिए प्रचुर साधन-सुविधाएं जुटा सकते थे, लेकिन लोक सेवियों की आदर्श परंपरा की रक्षा के लिए उन्होंने न्यूनतम आवश्यकता की मर्यादा का ही पालन किया। वर्तमान समय में इस परंपरा को पुनर्जीवित करने की महत्ती आवश्यकता है। सेवा मानव जीवन को उत्कृष्ट और पूर्ण बनाने की एक महत्त्वपूर्ण साधना है। जो फल अनेक तरह की तपश्चर्याओं, साधनाओं, कर्मकांड, उपासनाओं से प्राप्त होता है। वह मनुष्य को सेवा के द्वारा सहज ही मिल जाता है। इसमें कोई संदेह नहीं कि जीवन का यथार्थ लक्ष्य सेवा ही है। आध्यात्मिक, धार्मिक जीवन बिताने पर भी अंततः मनुष्य को सेवा की ही प्रेरणा मिलती है। जो लोग यह सोचते हैं क्या करें हमारे पास धन नहीं, हम में कोई योग्यता नहीं कैसे सेवा करें? ऐसे लोग समझने में भूल करते हैं।  लोक सेवा व्रत लेने वाले कभी किसी सत्पुरुष ने अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारियों तथा उत्तरदायित्व को नहीं छोड़ा। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App