यूटी के नेता करेंगे हरियाणा में प्रचार

By: Sep 23rd, 2019 12:01 am

चंडीगढ़ के दिग्गजों से ली जाएगी विधानसभा चुनावों में मदद, भाजपा-कांग्रेस-आप के नेता मांगेंगे वोट

चंडीगढ़, मनीमाजरा  -हरियाणा विधानसभा चुनाव घोषित होते ही चंडीगढ़ के नेताओं ने भी कमर कस ली है। चंडीगढ़ भाजपा, कांग्रेस और आप के नेता और कार्यकर्ता हरियाणा में अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के प्रचार के लिए डेरा डालेंगे। जबकि पंचकूला, कालका और अंबाला की विधानसभा सीटों पर प्रचार के लिए ऐसे कार्यकर्ताओं और नेताओं की जिम्मेदारी लगाई जाएगी, जोकि हर रोज सुबह जाकर देर शाम चंडीगढ़ वापस लौट आएंगे। इन सीटों पर चंडीगढ़ की स्थानीय यूनिट को विशेष फोकस देने के लिए कहा गया है। शहर में हरियाणा से संबंध रखने वाले हजारों परिवार रहते हैं, जोकि चुनाव प्रचार में हरियाणा जाएंगे। कई शहरवासी ऐसे भी हैं जिनके वोट हरियाणा में ही हैं। हरियाणा के इस समय कई नेता, विधायक और मंत्री ऐसे हैं जिनके चंडीगढ़ के नेताओं से काफी अच्छे संबंध हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खुद भी चंडीगढ़ भाजपा के संगठन मंत्री रह चुके हैं। इस समय भी मनोहर के चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन के अलावा स्थानीय नेताओं के साथ अच्छे संबंध हैं। ऐसे में चंडीगढ़ भाजपा के कार्यकर्ताओं की एक टीम करनाल में उनके लिए प्रचार करने जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App