रोहडू में बादल फटा, भारी नुकसान

By: Sep 2nd, 2019 12:08 am

तबाही झेल रहे हिमाचल पर फिर से खराब मौसम की पड़ी मार

 शिमला -हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर भारी बारिश ने कहर मचा दिया है। जिला शिमला के रोहडू में बादल फटने से लाखों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहडू के चांशल घाटी में शनिवार देर रात बादल फटा। बादल फटने से खरशाली व गढ़सारी नाले में बाढ़ आ गई। बादल फटने से एक स्कू ल भवन के साथ महिला मंडल भवन को नुकसान पहुंचा है। राज्य आपदा प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के तहत बादल फटने से गढ़सारी नाले पर बना एक बड़ा ब्रिज व चार फुट ब्रिज पानी में बह गए हैं। वहीं, शिलादेश में पानी से दो फुट ब्रिज बह गए हैं। बादल फटने के कारण क्षेत्र में लोगों की संपत्तियों को भारी क्षति हुई है। बगीचों में पानी भरने से कई फलदार पौधे बह गए हैं, जिससे बागबानों को काफी नुकसान हुआ है। बादल फटने के सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इसके अलावा राज्य के कुछ अन्य स्थानों पर भी बारिश से नुकसान की सूचना है। बारिश से राज्य में अब तक करोड़ों का नुकसान हो चुका है। अब भी कई मार्ग यातायात  के  लिए अवरुद्ध हैं। ऐसे में नुकसान का आंकड़ा और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। उधर, मणिमहेश यात्रा पर निकले चार यात्री रविवार को पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आकर घायल हो गए, हालांकि उनकी चोटें ज्यादा गंभीर नहीं थीं। उधर, मणिमहेश यात्रा पर निकले यात्रियों को खराब मौसम के चलते हड़सर में ही रोक लिया गया है और यात्रियों को भरमौर की ओर रुख न करने की भी एडवाइजरी प्रशासन की ओर से जारी की गई है। डल झील और गौरीकुंड में बर्फबारी की आशंका के चलते डल और गौरीकुंड में रुके यात्रियों को भी सुरक्षित निचले क्षेत्रों की ओर भेजने के आदेश दे दिए गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App