लंबरा दी धार में गोशाला जमींदोज

पड़ोसियों ने बाहर निकाली भैंस, पीडि़त को तीन लाख का नुकसान

हमीरपुर-ग्राम पंचायत चारियां दी धार के तहत पड़ते वार्ड नंबर तीन लंबरा दी धार में एक पशुशाला जमींदोज हो गई। रविवार सुबह अचानक पशुशाला की एक दीवार गिर गई। पशुशाला की दीवार गिरता देख ग्रामीणों ने अंदर बंधी भैंस को तुरंत बाहर निकाला। इसके बाद सारी पशुशाला गिर गई। बताया जा रहा है कि इस घटना में संबंधित परिवार को करीब तीन लाख का नुकसान हुआ है। गोशाला में रखा घास सहित अन्य सामान ध्वस्त हो गया। जानकारी के अनुसार गुंजू देवी (70) की पशुशाला गिर गई। वृद्धा का कोई सहारा नहीं है। पशुशाला के जमींदोज हो जाने के बाद उस पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों की माने तो वृद्धा गरीब परिवार से संबंधित है। हालांकि उसे बीपीएल में नहीं डाला गया है। पशुशाला गिरने के बाद अब उसकी मुसीबतें और बढ़ जाएंगी। वृद्धा अकेली है तथा किसी तरह से गुजारा कर रही है। पशुशाला गिरने के बाद स्थानीय पंचायत प्रधान ने मौक का निरीक्षण किया। उन्होंने पीडि़त को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया है। पंचायत प्रधान चारियां दी धार विजयपाल का कहना है कि गरीब परिवार की गोशाला गिर गई। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि इस वृद्ध महिला की हरसंभव सहायता की जाए।